चिटफंड पीड़ितों का प्रदर्शन, 180 दिन में भुगतान की मांग को लेकर सांसद को सौंपा ज्ञापन
भिवानी में ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार (तपजप) के बैनर तले सोमवार को बड़ी संख्या में निवेशकों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शन में जिले के हजारों प्रभावित परिवार शामिल हुए, जिनकी...
भिवानी में ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार (तपजप) के बैनर तले सोमवार को बड़ी संख्या में निवेशकों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रदर्शन में जिले के हजारों प्रभावित परिवार शामिल हुए, जिनकी मेहनत की कमाई चिटफंड कंपनियों और अनियमित जमा योजनाओं में फंसी हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्थानीय सांसद के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व तपजप के प्रदेश अध्यक्ष रामजस और जिला अध्यक्ष रमेश तंवर ने किया।
180 दिनों में सौंपे भुगतान, सांसद को सौंपा ज्ञापन
प्रदेश अध्यक्ष रामजस ने आरोप लगाया कि अनियमित जमा योजनाएं पाबंदी अधिनियम, 2019 (BUDS Act) केवल कागजों तक सीमित रह गया है। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत पीड़ितों को 180 दिनों के भीतर भुगतान मिलना चाहिए था, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि सांसद को कई बार अवगत कराने के बावजूद इस मुद्दे को संसद में नहीं उठाया गया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और सेबी (SEBI) द्वारा जब्त की गई कंपनियों की संपत्तियों का 30 दिनों के भीतर मूल्यांकन कर, उससे प्राप्त राशि को भुगतान अधिकारियों के माध्यम से पीड़ितों में वितरित किया जाए।
जिला अध्यक्ष रमेश तंवर ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे रिफंड पोर्टलों को भ्रामक बताते हुए उन्हें बंद करने और सीधे अधिकृत अधिकारियों के माध्यम से भुगतान शुरू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश में ठगी के शिकार लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है और यह एक संगठित अपराध का रूप ले चुका है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आने वाले समय में तहसील और मंडल स्तर पर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
इस दौरान पवन कुमार, सुखबीर रांगी, सुरेश सांगा, श्रीचंद, ललित अग्रवाल, सुरेश अलखपुरा, वजीर, खेतराम, तेजपाल सहित कई पीड़ित निवेशक मौजूद रहे।

