इन्द्री से काम मांगों अभियान का आगाज
गांधी, शास्त्री जयंती पर राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का कार्यक्रम आयोजित
राजीव गंाधी पंचायती राज संगठन के तत्वावधान में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार और प्रदेशाध्यक्ष फोमलाल फिरोजपुर के मार्गदर्शन में कांग्रेस पार्टी ने इन्द्री से पूरे देश में काम मांगों अभियान की शुरूआत की है। इस अवसर पर संगठन के प्रदेशाध्यक्ष फोमलाल फिरोजपुर ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर काम मांगों अभियान का आगाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के शासनकाल में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने देश के मजदूरों के कल्याण के लिए मनरेगा चलाई थी, जिसमें ग्रामीणों को 100 दिन के रोजगार की गांरटी दी गई थी। इस योजना के तहत ग्रामीण आंचल में रहने वाले मजदूरों, महिलाओं को रोजगार की गांरटी दी गई लेकिन भाजपा सरकार ने बिना किसी राज्य व दोनों सदनों की सहमति से कानून को बदलकर इसकी जगह नए नाम से योजना को लागू कर काफी फेरबदल कर दिया। बढ़ती महंगाई के दौर में मजदूरों की स्थितियां लगातार खराब होती गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि काम की गारंटी छीन लिए जाने से मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है। ऐसे में काम मांगो अभियान बेहद जरूरी है। प्रभारी श्याम लाल पुरोहित, डॉ. नवजोत कश्यप, जिला ग्रामीण अध्यक्ष डॉ. राजेश वैद्य, शहरी अध्यक्ष पराग गाबा ने आरोप लगाया कि मनरेगा कानून का स्वरूप बदल कर भाजपा सरकार ने मजदूरों को धोखा देने का काम किया है। सरकार मजदूरों को रोजगार देने में नाकामयाब हो रही है और प्रदेश का हर वर्ग भाजपा की नीतियों से परेशान है। इस अवसर पर डॉ. नवजोत कश्यप ने कहा कि भाजपा रामजी के नाम पर ही काम करना है तो मजदूरों को रोजगार देने का काम करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि आज से यह अभियान पूरे देश में लागू किया जा रहा है और सभी पूरी मजबूती के साथ जमीनी स्तर पर इस अभियान को कामयाब करने में सहयोग करेंगे। सचिन बुढ़नपुर ने सभी हल्कावासियों को 5 अक्तूबर को इन्द्री में होने वाले खंड स्तरीय कार्यक्रम में पहुंचनें की अपील की और कहा कि कांग्रेस पार्टी को पूरे प्रदेश में समर्थन मिल रहा है ओर सांसद दीपेन्द्र हुड्डा पूरे प्रदेश का दौरा कर संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे है।

