अवैध रूप से स्क्रैप पिघलाने पर 23 इकाइयाें पर चला बुलडोजर
वायु प्रदूषण फैलाने पर फिरोजपुर बांगर व गढ़ी में कार्रवाई
दिल्ली बॉर्डर के पास फिरोजपुर बांगर व गढ़ी में अवैध औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई की और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देश पर 23 अवैध मेटल स्क्रैप मेल्टिंग बिल्डिंग स्ट्रक्चर को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा प्रदूषण फैला रही 11 इकाइयां के मौके पर ही बिजली कनेक्शन काटे गये।
बताया गया है कि यह कार्रवाई एसीईओ, एसएमडीए की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने की। कमेटी में एसडीएम निर्मल नागर, आरओ एचएसपीसीबी अजय मलिक और अन्य शामिल थे। टीम ने डीटीपी एसएमडीए नीलम शर्मा के सहयोग से यह कार्रवाई की।
इस अवसर पर डीसी सुशील सारवान ने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि ये सभी इकाइयां अवैध रूप से रात के समय ओड ऑवर में चलाई जा रही थी। दिल्ली की ओर से वेस्ट स्क्रैप मंगवाकर उसे पिघलाने का कार्य कर रही थी। इससे क्षेत्र में खतरनाक वायु उत्सर्जन हो रहा था जिससे पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके पर ही 11 बिजली कनेक्शन भी काटे गए ताकि भविष्य में अवैध गतिविधियों को दोबारा संचालित न किया जा सके।

