12 अवैध दुकानों, श्रमिक क्वार्टरों और फैक्ट्रियों पर चला बुलडोजर
कुमासपुर और खेवड़ा में एसएमडीए की बड़ी कार्रवाई
सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) ने बुधवार को अवैध निर्माणों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए गांव कुमासपुर और खेवड़ा में कार्रवाई की। ड्यूटी मजिस्ट्रेट वीरेंद्र जैन (एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग) और डीटीपी नीलम शर्मा के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान दर्जनभर दुकानों और कई औद्योगिक ढांचों को मलबे में तब्दील कर दिया गया। प्राधिकरण की टीम ने नियंत्रित क्षेत्र के नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए निर्माणों को ध्वस्त किया।
गांव कुमासपुर में व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए बनाई 12 दुकानों और 2 बाउंड्री वॉल पर जेसीबी चलाई। गांव खेवड़ा में एक औद्योगिक निर्माण, एक टाइल फैक्टरी और अवैध रूप से बने श्रमिक क्वार्टरों को पूरी तरह गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान एसएमडीए की एनफोर्समेंट टीम और भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटा जा सके। डीटीपी नीलम शर्मा ने आमजन को सचेत किया कि वे अपनी मेहनत की कमाई अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने में बर्बाद न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों में सरकार सड़क, पानी, सीवरेज या बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराती। नियंत्रित क्षेत्र में किसी भी निर्माण से पूर्व एसएमडीए के सीईओ से अनुमति लेना कानूनी रूप से अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी निर्माण को प्राधिकरण किसी भी समय बिना पूर्व सूचना के गिरा सकता है।
