लोगों को जुमलेबाजी में फंसाने वाला बजट : तरूण तेवतिया
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता तरूण तेवतिया ने हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के प्रस्तुत बजट को पूर्णरूप से दिशाहीन, आंकड़ों का खेल और बढ़ते कर्ज पर पर्दा डालने वाला कोरा भाषण बताया है। मंगलवार को यहां पत्रकारों...
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता तरूण तेवतिया ने हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के प्रस्तुत बजट को पूर्णरूप से दिशाहीन, आंकड़ों का खेल और बढ़ते कर्ज पर पर्दा डालने वाला कोरा भाषण बताया है। मंगलवार को यहां पत्रकारों से रूबरू होते हुए तेवतिया ने बजट को लेकर खुलकर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि खुद बजट के आंकड़ों और मुख्यमंत्री के भाषण में हताशा नजर आती है, क्योंकि सरकार के पास न महंगाई को रोकने की कोई योजना है, न रोजगार सृजन का कोई प्लान है, न किसानों की एमएसपी का कोई प्रावधान है, न इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने की राशि है, इसलिए यह बजट पूरी तरह से कोरी भाषणबाजी साबित होगा, जिसमें कुछ भी हकीकत नहीं है और मात्र जुमलेबाजी कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की गई है।
उन्होंने कहा कि यह बजट हरियाणा की मूल समस्याओं से ध्यान हटाकर प्रस्तुत किया गया है। सरकार 10.28 प्रतिशत बजट वृद्धि का दावा कर रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एवं पृथला के कांग्रेस विधायक पुत्र तरूण तेवतिया ने कहा कि यह बजट हरियाणा की मूल समस्याओं से ध्यान हटाकर प्रस्तुत किया गया है।
तेवतिया ने कहा कि भाजपा प्रति व्यक्ति आय के आधे अधूरे आंकड़े पेश किए। उसमें बताया कि भाजपा सरकार में कितनी आय बढ़ी, लेकिन ये नहीं बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के शासनकाल में आय बढ़ने की गति कितनी तेज थी। हुड्डा सरकार के दौरान प्रति व्यक्ति आय लगभग 37,000 से बढ़कर लगभग 1,50,000 रुपये हुई थी यानी 4 गुणा बढ़ी थी। जबकि भाजपा के 11 साल में यह सिर्फ 2 गुणा ही बढ़ी। यानी अगर हुड्डा सरकार जितनी रफ्तार से बढ़ती तो आज हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय लगभग 6-7 लाख रुपये होती। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन पर यह सरकार पूरी तरह खामोश है।

