ब्रिटिश एयरवेज कर्मी पर चाकू से हमला, चार आरोपी क्राइम ब्रांच डीएलएफ की गिरफ्त में
फरीदाबाद में ब्रिटिश एयरवेज के एक कर्मचारी के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने के चार आरोपियों को क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सुनील कुमार, निवासी सेक्टर-31 फरीदाबाद ने पुलिस को...
फरीदाबाद में ब्रिटिश एयरवेज के एक कर्मचारी के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने के चार आरोपियों को क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सुनील कुमार, निवासी सेक्टर-31 फरीदाबाद ने पुलिस को शिकायत दी कि 2-3 जनवरी की रात वह अपने दोस्त रियान के साथ ऑफिस की गाड़ी में घर लौट रहा था। रास्ते में दोनों ओल्ड चौक के पास चाय पीने के लिए रुके।
इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने रियान के पैर पर उनकी मोटरसाइकिल का टायर चढ़ा दिया। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसे देखते हुए मोटरसाइकिल सवार दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर सुनील और उसके दोस्त के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी विपिन ने चाकू निकालकर गाड़ी के चालक पर हमला किया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अरुण, गौरव, सुमित और विपिन, निवासी गांव दौलताबाद को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और स्कूटी भी बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि विवाद बाइक के टायर पर पैर चढ़ने से शुरू हुआ और बाद में आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके साथी के साथ मारपीट की।
आरोपी विपिन को एक दिन के पुलिस रिमांड पर अदालत में पेश किया गया, जबकि अन्य तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

