दूल्हा-दुल्हन, मेहमानों ने ली साइबर जागरूकता की शपथ
जिले के गांव सावड़ में एक विवाह समारोह में सामाजिक जागरूकता की मिसाल कायम की है। शादी के मंडप में फेरों से पहले दूल्हा-दुल्हन और मेहमानों को साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता की शपथ दिलाई गई। इस पहल की पूरे क्षेत्र...
जिले के गांव सावड़ में एक विवाह समारोह में सामाजिक जागरूकता की मिसाल कायम की है। शादी के मंडप में फेरों से पहले दूल्हा-दुल्हन और मेहमानों को साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता की शपथ दिलाई गई। इस पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। बता दें कि गांव सावड़ निवासी रेणु देवी पत्नी नरेश कुमार की दो बेटियों अंजलि और रचना का विवाह संदीप और मनदीप के साथ संपन्न हुआ। विवाह समारोह के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता संजय रामफल ने एक अनोखी पहल करते हुए मंडप में मौजूद सभी लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि आज के डिजिटल दौर में जहां तकनीक ने लोगों की जिंदगी आसान बनाई है, वहीं साइबर ठग भी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। संजय रामफल ने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हो रही ठगी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारतीय कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई प्रावधान नहीं है और यह पूरी तरह से साइबर ठगों की चाल है। कार्यक्रम के दौरान सभी लोगों ने शपथ ली कि वे अनजान कॉल पर भरोसा नहीं करेंगे, किसी के साथ ओटीपी, बैंक या आधार की जानकारी सांझा नहीं करेंगे और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत
दर्ज कराएंगे।

