पूर्व प्रेमिका का इंटरव्यू टालने के लिए फैलाई बम की अफवाह !
आरोपी पश्चिम बंगाल का रहने वाला, विदेश से की है लॉ की डिग्री
यहां सेक्टर-43 स्थित वन होराइजन सेंटर बिल्डिंग में एक कंपनी के कार्यालय को बुधवार सुबह नौ बजे बम से उड़ाने की धमकी मिली। कंपनी की अधिकारिक ईमेल आईडी पर मिली इस धमकी के साथ ही तुरंत पुलिस व जांच एजेंसियां सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने एक युवक को काबू भी कर लिया।
एसीपी विजय कौशिक ने बताया कि आरोपी अनिकेत पॉल निवासी पश्चिम बंगाल ने इस कंपनी में इंटरव्यू देने आई अपनी महिला मित्र का इंटरव्यू टालने के लिए यह हरकत की थी। उसका युवती के साथ करीब डेढ़ साल पहले ब्रेकअप हो गया था। कंपनी में बम की सूचना पर एसीपी विकास कौशिक के नेतृत्व में डीएलएफ थाना साइबर पूर्व की टीम, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कंपनी परिसर को खाली करवाया। कई घंटे तक कंपनी में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। जांच में कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच के बाद यह पुष्टि की गई कि बम की धमकी फर्जी थी। पुलिस तकनीकी जांच में जुटी थी कि यह मेल आखिर भेजी किसने। शाम होते-होते पुलिस ईमेल भेजने वाले आरोपी तक पहुंच गई। एसीपी विजय कौशिक के मुताबिक बम की धमकी की ईमेल भेजन का आरोपी अनिकेत पॉल (29) निवासी पश्चिम बंगाल है। उससे पूछताछ पर पता चला है कि इस कंपनी में एक युवती का इंटरव्यू था। आरोपी युवक से उस युवती की दोस्ती रह चुकी है। पिछले करीब डेढ़ साल से उनके बीच कोई संबंध नहीं है।
आरोपी अनिकेत ने अपनी पूर्व प्रेमिका का इंटरव्यू टालने के लिए ही बम की फर्जी सूचना दी। ऐसा इसलिए कि वह कंपनी में नौकरी ना लग पाए। आरोपी ने लंदन के किंग्स कॉलेज से एलएलएम पास की है। पुलिस ने आरोपी पर आईटी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

