बजट बैठक में एडीसी के फोन न उठाने पर भड़की भाजपा महिला पार्षद भागवंती
कहा: इस कुर्सी पर क्या बैठा है, मनै बस न्यू बता दें
झज्जर नगर परिषद की मंगलवार को हुई बजट बैठक के दौरान उस समय माहौल गरमा गया जब भारतीय जनता पार्टी की महिला पार्षद भागवंती एडीसी के फोन न उठाने के मुद्दे पर भड़क गईं। बैठक के बीच पार्षद ने आवेश में आकर एडीसी, जोकि डीएमसी का कार्यभार भी देख रहे हैं, से सीधे सवाल-जवाब करते हुए नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
बैठक के दौरान लगाई एडीसी की जमकर क्लास
पार्षद भागवंती ने एडीसी जगनिवास को कड़े शब्दों में घेरते हुए कहा कि जनता उनके वार्ड की समस्याओं को लेकर सीधे सवाल करती है और जवाब देना पार्षद की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब डीसी पार्षदों के फोन उठा लेते हैं, तो एडीसी को फोन उठाने में क्या परेशानी है।
महिला पार्षद की बात पर उपस्थित सभी पार्षदों ने बजाई तालियां
बताया जा रहा है कि पार्षद अपने वार्ड में एक मानसिक रूप से असामान्य बंदर को पकड़ने की कार्रवाई न होने से नाराज थीं। उनके तेवर देख अन्य पार्षदों ने तालियां बजाकर समर्थन किया। विवाद बढ़ने पर एडीसी ने सफाई देने की कोशिश की।

