पांच राज्यों में हम्पिंग मेजोरिटी से बनेगी भाजपा सरकार : विपुल गोयल
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में भाजपा की 'हम्पिंग मेजोरिटी' से सरकार बनेगी। गोयल मंगलवार को झज्जर के अग्रसेन महिला महाविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप...
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में भाजपा की 'हम्पिंग मेजोरिटी' से सरकार बनेगी। गोयल मंगलवार को झज्जर के अग्रसेन महिला महाविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मीडिया से बातचीत में विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं हैं और जब आंकड़ों की बात की जाती है तो वह फुस्स हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह विपक्ष से बहस के लिए तैयार है। इससे पूर्व गोयल ने झज्जर गौशाला के प्रधान प्रमोद बंसल और नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष प्रवीण गर्ग के यहां भी पहुंचे। यहां उनका बड़ी ही गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस विधायकों द्वारा की गई क्रॉस वोटिंग पर प्रतिक्रिया देते हुए गोयल ने कहा कि यह उनकी अपनी पार्टी और नेताओं पर भरोसा न होने का संकेत है।
महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण पर जोर
दीक्षांत समारोह में गोयल ने महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज और देश का गौरव हैं और जब एक महिला शिक्षित होती है, तो पूरा परिवार शिक्षित होता है। उन्होंने महाविद्यालय के विकास के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की और प्रधानमंत्री मोदी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान और 2047 के विकसित भारत विज़न में बेटियों की भागीदारी पर जोर दिया। कालेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजकुमार गोयल ने कैबिनेट मंत्री का स्वागत करते हुए कालेज की गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
समारोह में डीएमसी अभिनव सिवाच, तहसीलदार शेखर नरवाल, कालेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजकुमार गोयल, उपप्रधान प्रवीण गोयल और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

