गरीबों के हक पर डाका मार रही भाजपा : चिरंजीव राव
भाजपा सरकार के महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलकर जी राम जी किए जाने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस ने देशभर में एक दिवसीय अनशन आयोजित किया। रेवाड़ी में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी...
भाजपा सरकार के महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलकर जी राम जी किए जाने के फैसले के खिलाफ कांग्रेस ने देशभर में एक दिवसीय अनशन आयोजित किया। रेवाड़ी में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर शांतिपूर्वक अनशन किया और केंद्र सरकार के इस फैसले का विरोध किया।
पूर्व कांग्रेस विधायक चिरंजीव राव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार को नई योजनाओं के लिए अवसर मिलते हैं, लेकिन गरीबों की ऐतिहासिक योजना मनरेगा का नाम बदलना निंदनीय है। उन्होंने इसे गरीबों के संवैधानिक अधिकारों पर हमला और महात्मा गांधी के विचारों का अपमान करार दिया।
कांग्रेस ने सरकार से चार प्रमुख मांगें की हैं – काम की गारंटी, मजदूरी की गारंटी, जवाबदेही की गारंटी, और मनरेगा में किए गए बदलावों की वापसी। पार्टी ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इन मांगों को नहीं माना, तो कांग्रेस और तेज विरोध प्रदर्शन करेगी और गरीबों के अधिकारों के लिए आंदोलन जारी रखेगी।
अनशन में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व मंत्री एम.एल. रंगा, पूर्व मंत्री जसवंत यादव, जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) अध्यक्ष सुभाष छाबड़ी, शहरी अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, रमेश ठेकेदार, राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश यादव, रेवाड़ी महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सीमा धमीजा सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

