पहल न्यूट्रिशन शोरूम पर बाइक सवारों ने की फायरिंग
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से जिम्मेदारी लेने की पोस्ट वायरल, 2 महीने पहले मांगी थी 2 करोड़ की फिरौती
एनएच-44 पर बहालगढ़ चौक स्थित पहल न्यूट्रिशन फूड सप्लीमेंट शोरूम पर शुक्रवार शाम को बाइक सवार 3 बदमाशों ने फायरिंग की और भाग गए। फायरिंग से वहां हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में इस वारदात की जिम्मेदारी कथित तौर पर रणदीप मलिक व अनिल पंडित यूएसए ने ली है, जिसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। इससे पहले फूड सप्लीमेंट कारोबारी से दो माह पहले विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर 2 करोड़ की रंगदारी मांगी
गई थी। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम को बाइक पर सवार होकर आए तीन युवक शोरूम के अंदर पहुंचे। उन्होंने काउंटर पर बैठे मैनेजर रोहित जैन को एक पर्ची थमाई और इसके बाद हथियार निकालकर गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि गोली नहीं चली। इसके बाद बदमाश बाहर आए और शोरूम के शीशे पर फायर कर मौके से भाग गए। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। मामले की सूचना के बाद डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान, बहालगढ़ थाना प्रभारी महेश, हरियाणा एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंची। इलाके में सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ली जिम्मेदारी
घटना के कुछ समय बाद फेसबुक पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए पहल न्यूट्रिशन पर नकली उत्पाद बेचने और युवाओं की सेहत से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया गया। पोस्ट रणदीप मलिक की आईडी से डाली गई है। जिसमें फायरिंग की जिम्मेदारी रणदीप मलिक व अनिल पंडित यूएसए ने ली है, जिसे लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया गया है। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि शोरूम संचालकों ने कथित तौर पर रोहित गोदारा को फिरौती दी है।
पोस्ट में रोहित गोदारा पर देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने का आरोप लगाया गया और चेतावनी दी गई कि जो भी उसे आर्थिक सहयोग करेगा, उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
मासूम शर्मा को भी लपेटा, दी चेतावनी
वायरल पोस्ट में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा का नाम लेते हुए उन्हें हरियाणा के सरपंचों से माफी मांगने की चेतावनी दी गई है। पोस्ट में सलाम शहीदा नूं के साथ लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप, जितेंद्र गोगी मान ग्रुप, हाशिम बाबा ग्रुप, काला राणा गैंग, हरी बॉक्सर, आरजू बिश्नोई, शुभम लोंकर, आशीष मलिक सोनीपत, कपिल मलिक सोनीपत, साहिल दूहन हिसार लिखा है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की सत्यता की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि पोस्ट वास्तव में किसने और कहां से की।
दो माह पहले रोहित गैंग के नाम पर मांगी थी रंगदारी
फूड सप्लीमेंट कारोबारी गांव गुमड़ निवासी वीरेंद्र पहल ने दो माह पहले पुलिस को शिकायत दी थी कि वह गांव के ही अपने परिवार के मोहन पहल के साथ बहालगढ़ में पहल न्यूट्रिशन के नाम से सप्लीमेंट का शोरूम चलाते हैं। उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल और मैसेज आए थे। जिसमें दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी मांगने वाले ने कहा कि वह रोहित गोदारा गैंग से महेंद्र डेलाना बोल रहा हैं। आरोपी ने रकम न देने की सूरत में गंभीर अंजाम भुगतने और कारोबार को नुकसान पहुंचाने की
धमकी दी थी।

