बेंगलुरू के आईटी इंजीनियर का बृहस्पतिवार को फाइव स्टार क्राउन प्लाजा होटल में शव मिला है। मृतक की पहचान विजय स्वरूप के रूप में हुई है। उसका शव होटल के बाथरूम में अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार, विजय स्वरूप दो अन्य विदेशी नागरिकों के साथ पांच दिन से यहां क्राउन प्लाजा होटल में ठहरा हुआ था। कंपनी की ओर से ही होटल में उसके लिए कमरा बुक किया गया था। उसके साथ होटल में विदेशियों मे एक जापान मूल का निवासी था। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार को दोनों विदेशी सुबह करीब 10 बजे यहां कंपनी में चले गए थे। इंजीनियर विजय बाथरूम में फ्रेश होने के लिए गया था। इसके बाद उसकी मौत की ही सूचना मिली। मृतक के शरीर पर किसी तरह से चोट के निशान नहीं हैं। पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी है। प्राथमिक तौर पर माना जा रही है कि इंजीनियर विजय की मौत हार्ट अटैक से भी हो सकती है। उसकी मौत का होटल स्टाफ को तब पता चला, जब एक कर्मचारी कमरे में सफाई के लिए पहुंचा। इंजीनियर के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसकी सूचना प्रबंधक को दी गई। होटल स्टाफ की ओर से मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया तो बाथरूम में विजय अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। मौके पर डॉक्टर व पुलिस को बुलाया गया। डॉक्टर ने विजय को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
+
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

