बूपनिया गांव में अयान के स्वागत में बिछाए पलक पांवड़े
घर आया कबड्डी में स्वर्ण पदक विजेता टीम का सदस्य
एशियन गेम्स के कबड्डी मुकाबले में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाले जिले के गांव बूपनिया निवासी अयान लोहचब का गांव में जोरदार स्वागत किया गया। अयान के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने उन्हें गदा भेंट कर सम्मानित किया और नोटों की मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। गाजे-बाजे के साथ अयान को समारोह स्थल तक ले जाया गया, जहां ग्रामीणों ने उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे। अयान लोहचब ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, कड़ी मेहनत और माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी इसी तरह कड़ी मेहनत करते रहेंगे और देश के लिए पदक जीतने का प्रयास करेंगे। अयान के माता-पिता ने भी बेटे की उपलब्धि पर खुशी जताई। पिता संदीप और मां ने कहा कि अयान ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार तथा गांव का नाम रोशन किया है। उन्हें उम्मीद है कि उनका बेटा आगे भी मेहनत जारी रखते हुए ओलंपिक में भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेगा।
ओपी धनखड़ की तरफ से आई बधाई
भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व मंत्री ओपी धनखड़ की तरफ से जहां विजेता अयान को बधाई देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई,वहीं हलके के विधायक कुलदीप वत्स और पूर्व विधायक नरेश शर्मा ने भी अयान लोहचब और उसके परिवार को बधाई दी।

