आशा वर्कर्स 12 फरवरी को करेंगी हड़ताल, दिया नोटिस
आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा (सीटू) के बैनर तले मंगलवार को आशा वर्कर्स ने सीएमओ कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान हेमलता ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सुधा ने किया। इस दौरान सरकार और स्वास्थ्य विभाग...
आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा (सीटू) के बैनर तले मंगलवार को आशा वर्कर्स ने सीएमओ कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान हेमलता ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सुधा ने किया। इस दौरान सरकार और स्वास्थ्य विभाग द्वारा लंबे समय से मांगों की अनदेखी किए जाने पर रोष जताया गया और 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रीय आम हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का ऐलान किया गया।
प्रदर्शन के बाद आशा वर्कर्स ने राष्ट्रीय आम हड़ताल का नोटिस सीएमओ की अनुपस्थिति में डिप्टी सीएमओ/पीएमओ को सौंपा। सीटू के जिला प्रधान निरंतर पाराशर ने आशा वर्कर्स की मांगों का समर्थन करते हुए आंदोलन को पूरी तरह जायज बताया।
जिला सचिव सुधा ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान आशा वर्कर्स की अहम भूमिका को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी स्वीकार करते हुए उन्हें ग्लोबल हेल्थ लीडर अवार्ड से सम्मानित किया, लेकिन इसके बावजूद केंद्र व राज्य सरकारें उनके कार्यों की उपेक्षा कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से मानदेय और इंसेंटिव में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि काम लगातार बढ़ता जा रहा है।
जिला प्रधान हेमलता ने कहा कि संसद में घोषित 1500 रुपये मासिक प्रोत्साहन राशि अब तक लागू नहीं की गई है। आशा वर्कर्स ने सरकार से मांग की कि उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।

