सैनिक स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज
जिला के गांव गोठड़ा अहीर स्थित सैनिक स्कूल में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज विद्यालय क्रीड़ा स्थल पर हुआ। आयोजन का उद्देश्य कैडेटों को नियमित शैक्षणिक कार्यक्रम से ब्रेक देना, स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना और समुदाय...
जिला के गांव गोठड़ा अहीर स्थित सैनिक स्कूल में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज विद्यालय क्रीड़ा स्थल पर हुआ। आयोजन का उद्देश्य कैडेटों को नियमित शैक्षणिक कार्यक्रम से ब्रेक देना, स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना और समुदाय व सौहार्द की भावना को मजबूत करना है। प्राचार्य कैप्टन ब्रिज किशोर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ विद्यालय प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल जयसिंह राठौड़, उप-प्राचार्या स्क्वाड्रन लीडर वंदना चौधरी व वरिष्ठ अध्यापक गजेंद्र सिंह चौहान ने अपनी उपस्थिति से प्रतियोगिता की शोभा बढ़ाई।
मुख्य अतिथि ने विद्यालय के सभी सदनों के मार्चिंग दस्तों की सलामी ली। प्राचार्य ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर विद्यालय कप्तान (खेल) कैडेट आर्यन को हस्तांतरित की। मुख्य अतिथि ने वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता प्रारंभ का उद्घोष कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्राचार्य ने कहा कहा कि प्रतियोगिता के दौरान 33 विविध ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं व प्रदर्शनों यथा- कैडेटों द्वारा समूह पी.टी., जिम्नास्टिक्स, रिंग ऑफ फायर व एरोबिक्स का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के पहले दिन कैडेट सत्यम, शिप्पू यादव, देवयानी, प्रिंस, नव्या, ऋतु, जतिन, अभि, शिवम, ऋचा, आर्यन, पारुल, पुनीत, नैन्सी, धैर्य, अवि राठी, तरुण, कार्तिक, सुधांशु, युवराज, पारुल, लक्ष्मी, अंकित, रितेश आदि ने स्वर्ण पदक जीते। कार्यक्रम एपीटीसी हवलदार रमन थापा व हवलदार सूरज सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आयोजित हुआ।

