पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या के बाद पति ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
गांव रावलधी में घरेलू कलह ने ली दो जिंदगियां
सुसाइड नोट में झगड़े को बताया वजह, 6 वर्षीय मासूम बच्ची ने चाचा को दी सूचना
जिले के गांव रावलधी में बुधवार सुबह एक बेहद ही खौफनाक और दुखद घटना सामने आई। घरेलू विवाद से तंग आकर एक व्यक्ति ने पहले पत्नी की कुल्हाड़ी से नृशंस हत्या की और उसके कुछ घंटों बाद चरखी दादरी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन के नीचे आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान रावलधी निवासी शक्ति और उसकी पत्नी गंगा देवी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शक्ति नशे का आदी था, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। करीब 10 वर्ष पूर्व उत्तर प्रदेश निवासी गंगा देवी से शादी के बाद शक्ति आए दिन झगड़ा करता रहता था।
बुधवार सुबह जब घर की 6 वर्षीय मासूम बच्ची ने अपने चाचा प्रदीप को आपबीती बताई, तब जाकर इस जघन्य वारदात का खुलासा हुआ। चाचा की सूचना पर पहुंची डायल 112 और पुलिस टीम ने घर से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। नोट में शक्ति ने अपनी पत्नी के साथ लगातार होने वाले झगड़ों को इस कदम का मुख्य कारण बताया है। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी धीरज कुमार अपनी टीम और एफएसएल विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही, आरोपी द्वारा घर में लगवाए गए सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को भी साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया गया है ताकि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा सके। पुलिस ने सिविल अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाया और उन्हें परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल सदर थाना पुलिस और जीआरपी संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्ची के सिर से माता-पिता का साया उठ जाने से ग्रामीण भी गहरे सदमे में हैं।

