केबीसी के बाद अक्षय के शो में भी लहराया परचम
फोगाट गांव की सरिता कादयान ने ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में जीता 8.5 लाख का इनाम
चरखी दादरी की माटी ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। गांव फोगाट की बहू और पंचकूला में जेबीटी टीचर सरिता कादयान ने मशहूर अभिनेता अक्षय कुमार के गेम शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 लाख 52 हजार रुपये का इनाम जीता है। सरिता की इस सफलता से न केवल उनके गांव बल्कि पूरे जिले में जश्न का माहौल है। मुंबई की फिल्मसिटी में आयोजित इस कार्यक्रम में सरिता ने अपनी बौद्धिक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने के कौशल से सबको प्रभावित किया। हिंदी शब्द पहेलियों और भारतीय संस्कृति पर आधारित इस शो में उन्होंने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। शुक्रवार को ‘सोनी लिव’ पर प्रसारित हुए इस शो के रोमांचक ‘व्हील राउंड’ और ‘बोनस व्हील’ में संयम बरतते हुए सरिता विजेता बनीं। सरिता की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनकी लगातार दूसरी बड़ी जीत है। इससे पहले दिसंबर 2025 में वे कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) में भी अपनी प्रतिभा के दम पर 7.5 लाख रुपये जीत चुकी हैं। बैक-टू-बैक दो बड़े नेशनल शो में जीत दर्ज कर उन्होंने साबित कर दिया है कि मेहनत और आत्मविश्वास हो तो ग्रामीण परिवेश की महिलाएं भी किसी भी शिखर को छू सकती हैं।
सरिता की जुबानी
चरखी दादरी से इस मंच तक पहुंचना मेरे लिए गर्व की बात है। ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में अभिनेता अक्षय कुमार के साथ मंच साझा करना यादगार अनुभव रहा। मैंने हर राउंड में आत्मविश्वास बनाए रखा। यह जीत मैं अपने परिवार, गांव फोगाट और अपने विद्यार्थियों को समर्पित करती हूं। आगे भी अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास करती रहूंगी।
गांव में जश्न, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
जैसे ही टीवी पर कार्यक्रम का प्रसारण हुआ, गांव फोगाट में खुशी की लहर दौड़ गई। सरिता के पति समुंदर फोगाट और अन्य परिजनों को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि सरिता आज उन हजारों बेटियों के लिए रोल मॉडल बन गई हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखती हैं।
