12 वर्षों बाद भिवानी में स्केटिंग का महाकुंभ-अनाथालय के बच्चे भी दिखाएंगे अपनी प्रतिभा
भिवानी में एक बार फिर पहियों की रफ्तार का रोमांच देखने को मिलेगा। जिला रोलर स्केटिंग संघ द्वारा 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जिले में भव्य स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता जनवरी के...
भिवानी में एक बार फिर पहियों की रफ्तार का रोमांच देखने को मिलेगा। जिला रोलर स्केटिंग संघ द्वारा 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जिले में भव्य स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता जनवरी के तीसरे सप्ताह में आयोजित होगी, जिसमें रोलर हॉकी और रोड स्पीड स्केटिंग के साथ-साथ इनलाइन, क्वाड और एडजस्टेबल स्केटिंग (लेवल-3 व लेवल-4) की स्पर्धाएं शामिल होंगी।
इस प्रतियोगिता की सबसे खास और ऐतिहासिक बात यह है कि इसमें भिवानी अनाथ आश्रम की 11 लड़कियां और 3 लड़के भी भाग लेंगे। यह संभवतः देश के खेल इतिहास का पहला अवसर होगा, जब अनाथालय के बच्चे किसी मुख्यधारा की स्केटिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अनाथ आश्रम के अध्यक्ष वेदप्रिय आर्य बच्चों को इस प्रतियोगिता के लिए पूरा सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
स्केटिंग का महाकुंभ-सामाजिक समरसता और समान अवसर का संदेश
दक्षिण हरियाणा रोलर स्केटिंग संघ के संरक्षक देवेंद्र सिंह व यशपाल सिंह, मुख्य तकनीकी निदेशक ठाकुर अशोक जीत सिंह (भारतीय), जिला रोलर स्केटिंग संघ भिवानी के अध्यक्ष प्रो. डा. अनिल कुमार, सचिव कृष्ण सैनी और उप प्रधान प्रवीण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए पूरी टीम दिन-रात मेहनत कर रही है। आयोजकों का मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को निखारते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता और समान अवसर का संदेश भी देते हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला रोलर स्केटिंग संघ हिसार के अध्यक्ष डा. जगबीर सिंह तथा हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. पवन कुमार के प्रोत्साहन से स्कूलों की छुट्टियां समाप्त होने के बाद हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में मुख्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिता को समावेशी बनाने के उद्देश्य से इसे विभिन्न आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। इनमें अंडर-4 से 6 वर्ष, 6-8 वर्ष, 8-10 वर्ष, 10-12 वर्ष, 12-14 वर्ष, 14-16 वर्ष, 16-18 वर्ष, 18-20 वर्ष तथा 20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप सहभागिता पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

