गुरुग्राम में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत पुलिस ने सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में की गई।
पुलिस के अनुसार, ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर सूची तैयार की गई है जो आपराधिक गतिविधियों के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित कर उसका उपयोग आगे अपराध करने में करते हैं। इन्हीं के खिलाफ उनकी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस थाना सेक्टर-53, पूर्व जोन की टीम ने दो आदतन अपराधियों के कब्जे के विरुद्ध कार्रवाई की। आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ चुन्नू पुत्र सुरेंद्र तथा अंशुल उर्फ मुन्नू निवासी गांव वजीराबाद, गुरुग्राम के रूप में हुई है। दोनों पर चोरी समेत अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता रही है और वे पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सरस्वती कुंज स्थित HSVP की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से झुग्गियां बनाकर किराए पर दे रखी थीं, जिससे उन्हें अनुचित लाभ मिल रहा था। पुलिस व डीटीपी इंफोर्समेंट की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक और सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराई गई।

