फरीदाबाद में AAP का विस्तार : हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश चंद शर्मा पार्टी में शामिल
फरीदाबाद में AAP का विस्तार-आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश संगठन मंत्री पं. राजेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ रहा है और आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। मंगलवार...
फरीदाबाद में AAP का विस्तार-आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश संगठन मंत्री पं. राजेंद्र शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ रहा है और आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। मंगलवार को बाटा चौक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रकाश चंद शर्मा ने अपने समर्थकों सहित आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।
पं. राजेंद्र शर्मा ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया और कहा कि संगठन में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपनाकर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।
उन्होंने दिल्ली के चर्चित शराब मामले में अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को राउज एवेन्यू कोर्ट से मिली राहत पर खुशी जताई। शर्मा ने कहा कि इस फैसले से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और यह साबित हुआ है कि सच को दबाया नहीं जा सकता।
प्रदेश संगठन मंत्री ने हरियाणा सरकार के हालिया बजट को निराशाजनक बताते हुए कहा कि यह केवल कागजी आंकड़ों का खेल है और फरीदाबाद की अनदेखी की गई है, जबकि जिला राजस्व के मामले में अग्रणी है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी आम आदमी पार्टी सरकार बनाएगी और वास्तविक विकास सुनिश्चित करेगी।
इस अवसर पर देवेंद्र शर्मा, ओमानंद, देवराज सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

