Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

उत्तर प्रदेश की जेल से फरार ईनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में काबू

आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
फोटो कैप्शन: गुरुग्राम में शुक्रवार को गिरफ्तार उत्तर प्रदेश की जेल से फरार 25 हजार रुपये का ईनामी बदमाश। (हप्र)
Advertisement

उत्तर प्रदेश की जेल से फरार 25 हजार रुपये का ईनामी बदमाश गुरुग्राम पुलिस के साथ मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से एक बाइक, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और पांच खाली खोल कारतूस बरामद किए गए हैं।

Advertisement

ईनामी बदमाश सूचना के आधार पर आया पकड़ में

जानकारी के अनुसार 26/27 फरवरी 2026 की रात अपराध शाखा मानेसर के इंचार्ज उप-निरीक्षक मनोज कुमार की टीम को सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले की जेल से फरार 25 हजार रुपये का ईनामी बदमाश अवैध हथियार सहित पचगांव चौक से गांव खोह कासन की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पचगांव चौक के पास गांव कासन जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की।

Advertisement

कुछ देर बाद एक बाइक सवार पुलिस नाके की ओर आता दिखाई दिया। रुकने का इशारा करने पर आरोपी बाइक छोड़कर भागने लगा और पुलिस टीम पर गोली चला दी। एक गोली पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उसने फायरिंग जारी रखी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह गिर पड़ा।

आरोपी की पहचान अंकित कुमार (24), निवासी हजूरापुर, जिला कन्नौज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना मानेसर में मामला दर्ज किया गया है। मुठभेड़ के दौरान कुल पांच राउंड फायर हुए, जिनमें तीन आरोपी की ओर से और दो पुलिस की ओर से किए गए।

पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध हथियार रखने के मामले में कन्नौज जेल में बंद था और जनवरी 2026 में फरार हो गया था। उस पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके खिलाफ चोरी, लूट और शस्त्र अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज हैं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी।

Advertisement
×