श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्राले ने मारी टक्कर, 36 घायल
नेशनल हाईवे-334बी स्थित लोहारू रोड पर गांव खेड़ी बत्तर के समीप मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अलीगढ़ (यूपी) से राजस्थान के प्रसिद्ध गोगामेड़ी धाम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से...
नेशनल हाईवे-334बी स्थित लोहारू रोड पर गांव खेड़ी बत्तर के समीप मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अलीगढ़ (यूपी) से राजस्थान के प्रसिद्ध गोगामेड़ी धाम के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार ट्राले ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही ट्रॉली पलट गई और हाईवे पर चीख-पुकार व अफरा-तफरी मच गई। हादसे में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत 36 श्रद्धालु घायल हो गए।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर निकालकर तुरंत चरखी दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी सेवाएं सक्रिय कर सभी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट पर तैनात कर दिया।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राहुल अरोड़ा ने बताया कि हादसे में करीब 36 श्रद्धालु घायल होकर अस्पताल पहुंचे हैं। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद लख्मी पत्नी हनीफ, छिया पुत्र महावीर, नत्थे सिंह पुत्र प्रभात और विजय पुत्र ध्राजीराम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
उपचाराधीन घायल शैलेश कुमार, राहुल व नीरज ने बताया कि सभी श्रद्धालु अलीगढ़ से ट्रैक्टर-ट्रॉली में गोगामेड़ी धाम जा रहे थे। दादरी के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्राले ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई और सभी घायल हो गए।
जांच अधिकारी एएसआई पवन कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चालक खेमराम की शिकायत पर केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

