पुराने साथी ने युवक को पीटकर उतारा मौत के घाट, पपला गुर्जर गैंग से जुड़ा थे दोनों
नारनौल के गांव मूसनौता की सादा की ढाणी में बृहस्पतिवार देर रात कुछ बदमाशों ने एक युवक की लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कैंपर गाड़ियों में सवार होकर...
नारनौल के गांव मूसनौता की सादा की ढाणी में बृहस्पतिवार देर रात कुछ बदमाशों ने एक युवक की लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कैंपर गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान 35 वर्षीय पुष्कर गुर्जर के रूप में हुई है।
पपला गुर्जर गैंग के साथ काम कर चुके थे मृतक और हमलावर
बताया जा रहा है कि मृतक पहले पपला गुर्जर गैंग से जुड़ा रहा है। प्रत्यक्षदर्शी भीम सिंह ने बताया कि वह तथा गांव मूसनौता निवासी पुष्कर बायल गांव के सरपंच दशरथ सिंह के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। दोनों स्कॉर्पियो गाड़ी में वापस गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव के पास पहुंचे तो अचानक गांव के ही संदीप सिंह उर्फ सिंधिया ने अपने साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने पहले उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया और फिर पुष्कर को लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। हमले में पुष्कर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के चाचा पूरणमल भी मौके पर पहुंचे। पूरणमल ने आरोप लगाया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो आरोपियों ने उनकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया और काफी देर तक उत्पात मचाया।
गंभीर रूप से घायल पुष्कर को उपचार के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से गांव में शोक और गुस्से का माहौल है।
परिजनों का कहना है कि मुख्य आरोपी संदीप उर्फ सिंधिया को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की है।
बताया जा रहा है कि आरोपी संदीप और मृतक पुष्कर पहले एक ही गैंग में साथ काम करते थे। दोनों पर करीब 10-10 आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं, जो जिला महेंद्रगढ़ के अलावा राजस्थान में भी दर्ज हैं। किसी आपसी विवाद के चलते दोनों के बीच दुश्मनी हो गई थी।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

