फरीदाबाद नपा कर्मचारी संघ और फायर विभाग का प्रतिनिधिमंडल मंत्री विपुल गोयल से मिला
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और फायर विभाग के प्रतिनिधिमंडल ने आज सेक्टर-16, सागर सिनेमा पर जोरदार प्रदर्शन के बाद शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने किया। इस दौरान...
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और फायर विभाग के प्रतिनिधिमंडल ने आज सेक्टर-16, सागर सिनेमा पर जोरदार प्रदर्शन के बाद शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने किया।
इस दौरान कर्मचारियों ने फायर विभाग के अनुबंधित कर्मचारियों के वेतन वृद्धि, विभाग में समायोजन, नगर निगम फरीदाबाद के दैनिक वेतनभोगी 111 कर्मचारियों और हाई कोर्ट के 27 एवं 31 दिसंबर 2025 के फैसलों को लागू करते हुए सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग उठाई। साथ ही फायर एवं हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों और अन्य तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को एकमुश्त पक्का करने का आग्रह किया।
नरेश शास्त्री ने मंत्री से कहा कि गुरुग्राम, कैथल, पानीपत, हिसार, सिरसा, सोनीपत, करनाल समेत अन्य नगर निगमों, परिषदों और पालिकाओं से निकाले गए सफाई कर्मचारियों को ड्यूटी पर लौटाया जाए और रिक्त पदों पर नियमित भर्ती के लिए बनाई गई कमेटी का चेयरमैन जिला नगर आयुक्त और नगर निगम आयुक्त हों।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों का समाधान 5 फरवरी तक किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में महासचिव मांगेराम तिगरा, वरिष्ठ प्रधान रमेश, मुख्य संगठनकर्ता शिवचरण, संगठनकर्ता राजपाल, उप महासचिव सुनील चिण्डालिया, कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह, उपकोषाध्यक्ष राजेश बागड़ी, अग्निशमन प्रधान राजेंद्र, महासचिव गुलशन भारद्वाज और अन्य सैकड़ों नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे।
नरेश शास्त्री ने बैठक में बताया कि नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा 15 जनवरी को जींद में मजदूर, कर्मचारी, किसान महापंचायत, 19 जनवरी को जिला उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन और 12 फरवरी को राज्यव्यापी हड़ताल में शामिल होगा। संघ ऑल सफाई कामगार संघर्ष समिति के आह्वान पर 7-8 फरवरी को सभी विधायकों को ज्ञापन देंगे और 1-15 मार्च तक सफाई-सीवर कर्मचारी मुक्ति यात्रा का आयोजन करेंगे।

