कार को शीशा टच होने पर बाइक सवार पर तानी पिस्तौल, दी धमकी
रेलवे रोड पर बाइक का शीशा कार से टच होने से गुस्साये कार सवार ने बाइक वाले युवक पर पिस्टल तान दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। जब यातायात पुलिसकर्मी ने कार सवार को रुकने का इशारा...
रेलवे रोड पर बाइक का शीशा कार से टच होने से गुस्साये कार सवार ने बाइक वाले युवक पर पिस्टल तान दी और उसे जान से मारने की धमकी दी। जब यातायात पुलिसकर्मी ने कार सवार को रुकने का इशारा किया तो वह कार लेकर फरार हो गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-5 निवासी विनोद कुमार महेंद्रगढ़ जिले के गांव भंडोर ऊंची का रहने वाला है। 26 जनवरी की शाम को वह बाइक पर मानेसर स्थित अपने कार्यालय से सेक्टर-5 गुरुग्राम आ रहा था। जब वह सदर बाजार डाकखाना के पास पहुंचा तो उसकी बाइक का साइड का शीशा एक कार के शीशे से टच हो गया। कार चालक की गलती से उसकी बाइक की हल्की टक्कर भी कार से हुई थी। कार चालक ने उसकी बाइक के आगे गाड़ी लगा दी। दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। इसी बीच कार चालक ने कार की पिछली सीट से पिस्टल उठाई और उस पर तान दी। उसे जान से मारने की धमकी दी। उसे पिस्टल विनोद कुमार की छाती पर लगाकर मारने की कोशिश की। पीडि़त अपनी जान बचाने के लिए चिल्लाने लगा। विनोद कुमार उसकी मोबाइल से वीडियो बना रहा था तो उसे मोबाइल छीन लिया और कार में बैठी महिला को दे दिया। महिला ने तुरंत ही उसका मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। इसी बीच कुछ लोग दौड़कर यातायात पुलिसकर्मी को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। यातायात पुलिसकर्मी ने कार को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी गाड़ी लेकर फरार हो गया। पूरा घटनाक्रम बाजार में दुकान पर लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गया। जाते हुए हवा में पिस्तौल भी लहराई। शिकायतकर्ता विनोद कुमार ने बताया कि उस कार में दो महिलाएं भी सवार थी। एक तो ड्राइवर के साथ वाली सीट पर थी और दूसरी पिछली सीट पर बैठी थी। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।

