हनीट्रैप में फंसाकर कारोबारी से वसूले 6 करोड़
हनीट्रैप में फंसाकर कारोबारी से 6 करोड़ से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। इस साजिश में युवती का भाई और माता-पिता भी शामिल रहे। परिवार के एक सदस्य ने तो खुद को मेघालय के मुख्यमंत्री की सिक्योरिटी...
हनीट्रैप में फंसाकर कारोबारी से 6 करोड़ से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। इस साजिश में युवती का भाई और माता-पिता भी शामिल रहे। परिवार के एक सदस्य ने तो खुद को मेघालय के मुख्यमंत्री की सिक्योरिटी में सब-इंस्पेक्टर बताते हुए रुपये का दबाव बनाया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि सेक्टर-53 पुलिस थाना में केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि एक कारोबारी की फेसबुक पर अमीरात एयरलाइन की एयर होस्टेस से वर्ष-2020 में दोस्ती हुई थी। युवती ने अपना नाम किम प्रियंका संगमा बताया था। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। युवती ने कारोबारी को व्हाट्सएप के जरिये अपनी तस्वीरें भेजनी शुरू कर दी। साथ ही उसके भी फोटो मांगे। आरोप है कि इसके बाद युवती ने अपनी मां लीना संगमा के साथ मिलकर कारोबारी के साथ अश्लील चैटिंग करनी शुरू कर दी। कुछ अश्लील फोटो भी उसे भेजी। वर्ष 2021 में किम ने कारोबारी को चैट के स्क्रीन शॉट भेजे। साथ ही उसकी आपत्तिजनक तस्वीर भी भेजी। जब कारोबारी ने ऐसा करने का विरोध किया तो उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद दूसरे नंबर से किम ने कारोबारी की एडिट की हुई अश्लील फोटो भेजकर उसे ब्लैकमेल किया और रुपयों की मांग कर डाली।
आरोप है कि कारोबारी ने किम के भाई यंकी संगमा के बैंक खाते में दो मई 2021 को रुपये ट्रांसफर करा दिये। 14 अगस्त 2021 को किम ने फोन करके कहा कि उसके पिता शिलांग में एसडीएम हैं। युवती के पिता कथित एसडीएम ने कारोबारी को कॉल करके कहा कि उसका बेटा यंकी संगमा पायलट का कोर्स कर रहा है। यह कहकर फिर से रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
कुछ समय बात जब कारोबारी ने अपने रुपये वापस मांगे तो इस बार किम की मां लीना संगमा आगे आई। उसने कारोबारी से कहा कि वह मेघालय कोर्ट में वकील है। आरोपियों की ओर से उसे धमकी दी गई कि उसके आपत्तिजनक वीडियो व चैट को सोशल मीडिया पर डाल देंगे। उन्होंने शराब का ठेका खोलने के नाम पर कारोबारी से 32 लाख रुपये ले लिए। दिसंबर 2022 में किम संगमा के पिता की मौत की कहानी रची गई। बाद में आरोपियों ने किम की शादी की बात कही। कहा गया कि उसकी शादी मेघालय के उपमुख्यमंत्री की सिक्योरिटी में तैनात करन वर्मा से तय हुई है। गोवा में 100 करोड़ की प्रॉपर्टी बेचने की भी बात कही। इस तरह अलग-अलग समय पर कुल साढ़े 6 करोड़ रुपये ठग लिये। और रुपये देने से मना किया गया तो आरोपियों ने कारोबारी के बेटे व पत्नी से संपर्क करते हुए उन्हें आपत्तिजनक फोटो भेज दिए। जिसके बाद परिवार ने पुलिस को शिकायत दी।

