गाड़ी में लिफ्ट लेकर गाड़ी चालक के गले से सोने की चेन लूटने के मामले में पुलिस ने तीन ट्रांसजेंडर समेत चार आरोपी काबू किए हैं। वे योजना बनाकर दिल्ली से गुरुग्राम के लिए गाड़ी में लिफ्ट लेते थे। इसी दौरान चोरी व लूट करने की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक कार, चोरी की गई एक सोने की चेन तथा नकदी बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार 10 दिसंबर, 2025 को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना पालम विहार की टीम को एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में कहा कि आठ दिसंबर, 2025 को जब वह जिम करके गाड़ी से घर जा रहा था। इस दौरान जब वह द्वारका एक्सप्रेस-वे से गढ़ी-हरसरू चौक से निकला तो एक महिला ने उसे रुकने का इशारा किया। उसने गाड़ी रोक दी और महिला गाड़ी में बैठ गई। थोड़ी दूर चलने के बाद वह महिला उसके साथ बातें करने लगी। इसी बीच उसने उसके गले में हाथ डालकर उसे अपनी तरफ खींचा तो उसने महिला को गाड़ी से नीचे उतार दिया। वह पहुंचकर जब नहाने लगा तो पता लगा कि उसके गले से सोने की चेन गायब है। वह चेन उसी महिला ने चोरी की है। इस शिकायत पर थाना सेक्टर-10 में केस दर्ज किया गया। अपराध शाखा सेक्टर-17 की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन ट्रांसजेंडर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान दिल्ली के नांगलोई निवासी मोहम्मद शाकिब (20), प्रियंका (21), पालम दिल्ली निवासी शोभा सरदारवर्ती (53) व कयामुद्दीन (37) निवासी रघुवीर नगर दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा ट्रांसजेंडर महिला आरोपी मोहम्मद शाकिब हीर, शोभा सरदारवर्ती व प्रियंका को 28 जनवरी को एमडीआई चौक (पुराना महाराणा प्रताप चौक) गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। उन्हें अदालत में पेश करके चार दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। आरोपी कयामुद्दीन को 30 जनवरी को सेक्टर-30 से काबू किया गया। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है। आरोपी महिला व ट्रांसजेंडर आरोपी योजना बनाकर दिल्ली से आरोपी कयामुद्दीन की गाड़ी में गुरुग्राम आते हैं और इन घटनाओं को अंजाम देते हैं। आरोपी मोहमद शाकिब व प्रियंका गाडिय़ों में लिफ्ट मांगते हैं। गाड़ी रुकवाकर गाड़ी में बैठ जाते हैं। गाड़ी में बैठने के बाद वे गाड़ी चालक को बातों में उलझाकर उनके गले से आभूषण या गाड़ी से अन्य सामान चोरी कर लेते हैं।

