अवैध हथियार रखने और उन्हें उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ अपराध शाखा फरुखनगर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को काबू कर लिया। उनकी पहचान अभय उर्फ मौलड़ (20) निवासी गांव खेड़ा झांझरोला, जतिन (29) निवासी पटेल नगर सोनीपत हाल निवासी सिद्धार्थ कॉलोनी सोनीपत और सागर निवासी गांव खेड़ा झांझरोला गुरुग्राम के रूप में हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त नवीन शर्मा ने यह जानकारी दी और बताया कि आरोपी दिल्ली में वारदात को अंजाम देकर दहशत का माहौल फैलाना चाहते थे। उन्होंने बताया कि अभय को गांव गढ़ी फ्लाईओवर, न्यू पटौदी गुरुग्राम रोड के पास से, जतिन को फरुखनगर से तथा सागर को केपीएम, फरुखनगर से काबू किया है। उनके कब्जे से 2 विदेशी पिस्तौल, 5 कारतूस बरामद किए गये। उनके खिलाफ सैक्टर-10 थाना क्षेत्र पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
बताया गया है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान सागर ने पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से छलांग लगा दी थी, जिससे उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के उपरांत उसे गिरफ्तार किया जाएगा। अभय को अवैध हथियार जतिन ने उपलब्ध करवाए गए थे, जबकि जतिन को ये हथियार उसके अन्य साथियों द्वारा उपलब्ध करवाए गए थे। आरोपियों से पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपने अन्य साथियों के संपर्क में थे तथा उसके कहने पर अवैध वसूली, रंगदारी के लिए रैकी करते थे। जतिन के विरुद्ध दिल्ली में एक्साइज एक्ट के तहत पूर्व में एक अभियोग था।

