फैक्टरी से 28 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद , दस्तावेज नहीं दिखा पाया संचालक
सोनीपत में रसोई गैस सिलेंडर की मारामारी के बीच,फैक्टरी से 28 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किये हैं। अवैध भंडारण पर प्रशासन ने सख्त रवैया अपना लिया है। इसी कड़ी में गांव सैदपुर में जटोला रोड स्थित एक फैक्टरी सीएम फ्लाइंग...
सोनीपत में रसोई गैस सिलेंडर की मारामारी के बीच,फैक्टरी से 28 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किये हैं। अवैध भंडारण पर प्रशासन ने सख्त रवैया अपना लिया है। इसी कड़ी में गांव सैदपुर में जटोला रोड स्थित एक फैक्टरी सीएम फ्लाइंग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारकर 28 अवैध कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए। फैक्टरी संचालक मौके पर गैस भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद विभाग ने सभी सिलेंडरों को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
श्री बालाजी इंटरप्राइजेज फैक्टरी में जमा हो रहे थे सिलेंडर
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को सूचना मिली थी कि गांव सैदपुर में जटोला रोड पर स्थित श्री बालाजी इंटरप्राइजेज फैक्टरी में बड़ी संख्या में कमर्शियल गैस सिलेंडर अवैध रूप से जमा किए गए हैं। सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग, खाद्य आपूर्ति विभाग और खरखौदा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर फैक्टरी में छापेमारी की।
गैस सिलेंडर बरामद-जांच में मिले की खाली-भरे हुए सिलेंडर
फैक्टरी परिसर की जांच की तो वहां बड़ी मात्रा में कमर्शियल गैस सिलेंडर रखे मिले। जांच के दौरान 12 भरे हुए कमर्शियल सिलेंडर, 12 खाली कमर्शियल सिलेंडर और चार सिलेंडर उपयोग में लगे हुए पाए गए। कुल 28 सिलेंडर बरामद हुए। अधिकारियों ने फैक्टरी मालिक से गैस सिलेंडरों के भंडारण से संबंधित लाइसेंस और अन्य दस्तावेज दिखाने को कहा, लेकिन वह मौके पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
विभाग ने चेताया, हादसे कारण भी बन सकता है अवैध भंडारण
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उपनिरीक्षक अजीत सिंह का कहना है कि गैस सिलेंडरों का अवैध स्टॉक करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। यदि बड़ी संख्या में सिलेंडर बिना सुरक्षा इंतजामों के किसी परिसर में रखे जाएं तो आग या दुर्घटना की स्थिति में गंभीर हादसा हो सकता है। इसी कारण सरकार ने ऐसे मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।

