एचएसवीपी को 15 दिन का अल्टीमेटम, संगवाड़ी केस की जांच CIA को : मंत्री विपुल गोयल
रेवाड़ी में प्रदेश के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल रविवार को रेवाड़ी में ‘एक्शन मोड’ में नजर आए। नगर के बाल भवन सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए...
रेवाड़ी में प्रदेश के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल रविवार को रेवाड़ी में ‘एक्शन मोड’ में नजर आए। नगर के बाल भवन सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन शिकायतें इस बैठक तक पहुँचने से पहले ही प्राथमिक स्तर पर सुलझ जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी सतर्क रहें और शिकायत मिलते ही तुरंत और प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि आम नागरिक का समय और ऊर्जा बर्बाद न हो।
मंत्री विपुल गोयल के साथ बैठक में मौजूद थे ये लोग
बैठक में मंत्री विपुल गोयल के साथ रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधायक अनिल यादव, डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा और एडीसी राहुल मोदी सहित प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल, जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश, एसडीएम सुरेश कुमार (रेवाड़ी), एसडीएम मनोज कुमार (बावल), एसडीएम विजय कुमार यादव (कोसली), नगराधीश जितेंद्र कुमार और पुलिस-प्रशासन के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
पंचायती जमीनों और कब्जों पर सख्त कार्रवाई
बैठक में जमीनी विवादों और कब्जों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रही। गांव डालिया की तारा देवी ने अपने घर के सामने करीब 500 गज पंचायती जमीन पर कब्जे की नीयत और सफाई न होने की समस्या उठाई। मंत्री ने कोसली विधायक अनिल यादव को जिम्मेदारी सौंपते हुए जमीन पर टाइल बिछवाने के निर्देश दिए।
गांव खेड़ा आलमपुर के रामप्रसाद की पंचायती जमीन के हिस्से की शिकायत का निपटारा भी विधायक अनिल यादव की देखरेख में करने को कहा गया। वहीं, जीतपुरा के बाबूलाल की 1.5 एकड़ पंचायती भूमि पर कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने तुरंत जमीन की तारबंदी करवाने के आदेश दिए। रामपुरा गांव की सीवरेज संबंधी शिकायत का समाधान पहले ही जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा कर दिया गया था।
संगवाड़ी मामले में सीआईए जांच
सबसे गंभीर मामला संगवाड़ी गांव का सामने आया। जगराम ने अपने बेटे की 20 दिन पहले हुई मौत पर हत्या की आशंका जताई और धमकियों की शिकायत की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंत्री ने तुरंत इसकी जांच सीआईए को सौंपने के आदेश दिए।
एचएसवीपी को 15 दिन का अल्टीमेटम
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की कार्यप्रणाली पर भी मंत्री ने सख्त रुख अपनाया। रेवाड़ी निवासी मंजीत ने शिकायत की कि उन्हें अब तक अपने प्लॉट का कब्जा नहीं मिला है। इस पर मंत्री ने एस्टेट ऑफिसर दीपक घनघस को 15 दिन के भीतर पूरे मामले की रिपोर्ट डीसी को सौंपने का अल्टीमेटम दिया।

