12वीं की बोर्ड परीक्षा : दो परीक्षार्थी, सीएचसी संचालक गिरफ्तार
एक नाबािलग फर्जी परीक्षार्थी हिरासत में
जिले में बुधवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की वार्षिक परीक्षा के दौरान गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सालाहेड़ी के परीक्षा केंद्र नंबर 32 पर दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए, जो असली छात्रों की जगह बैठकर अंग्रेजी विषय का पेपर दे रहे थे। मामले में कुल तीन गिरफ्तारियां हुई हैं, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
केंद्र सुपरिंटेंडेंट अमित कुमार की शिकायत के अनुसार 25 फरवरी को कक्षा 12वीं के अंग्रेजी पेपर के दौरान औचक चेकिंग और स्कैनिंग के समय दो परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड और रोल नंबर में गड़बड़ी सामने आई। जांच में पता चला कि असली छात्र सहबाज़ निवासी लखनाका की जगह एक नाबालिग परीक्षा दे रहा था, जबकि सहबाज निवासी अडबर असली छात्र समीर निवासी अडबर की जगह बैठा था।
सुपरिंटेंडेंट ने दोनों को तत्काल हिरासत में लेकर नूंह सदर थाने पुलिस को सौंप दिया और लिखित शिकायत दर्ज कराई। नूंह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर फर्जी परीक्षार्थी सहबाज को गिरफ्तार किया व अन्य नाबालिग फर्जी परीक्षार्थी को पुलिस हिरासत में लिया है। पूछताछ में अन्य आरोपियों की संलिप्ता पाये जाने पर नूंह पुलिस ने दबिश देकर असली छात्र समीर निवासी अडबर व फर्जी एडमिट कार्ड/रोल नंबर स्लिप तैयार करने वाले सीएचसी संचालक जुनैद निवासी टांई को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जांच में एक आरोपी के नाबालिग होने की भी बात सामने आई है। सदर थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

