कौन है सिद्धार्थ जवाहर? कैसे रची 35 मिलियन डॉलर की पोंजी स्कीम, स्टार खिलाड़ी ट्रैविस केल्सी भी थे निवेशक
भारतीय मूल के सिद्धार्थ जवाहर ने Swiftarc Capital के जरिए निवेशकों से जुटाए 35 मिलियन डॉलर में से करीब 10 मिलियन डॉलर ही निवेश किए; अमेरिकी अदालत ने 31.35 मिलियन डॉलर मुआवजे का भी आदेश दिया
भारतीय मूल के निवेश सलाहकार सिद्धार्थ जवाहर को अमेरिका में करोड़ों डॉलर की पोंजी योजना चलाने के मामले में 11 साल की संघीय जेल की सजा सुनाई गई है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, जवाहर ने टेक्सास स्थित अपनी निवेश कंपनी Swiftarc Capital LLC के जरिए 64 निवेशकों को धोखा दिया। इनमें NFL टीम Kansas City Chiefs के स्टार खिलाड़ी ट्रैविस केल्सी भी शामिल हैं।
अमेरिकी जिला न्यायाधीश ज़ैकरी एम. ब्लूस्टोन ने 15 सितंबर 2026 को जवाहर को सजा सुनाई। अदालत ने उसे पीड़ितों को 31.35 मिलियन डॉलर की क्षतिपूर्ति देने का भी आदेश दिया। जवाहर ने जनवरी में वायर फ्रॉड के तीन मामलों में अपना अपराध स्वीकार किया था।
कौन है सिद्धार्थ जवाहर?
38 वर्षीय सिद्धार्थ जवाहर Swiftarc Capital LLC चलाता था। अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, उसने 2015 में ग्राहकों के पैसे को Philip Morris Pakistan में निवेश करना शुरू किया। बाद में करीब 99 फीसदी ग्राहक धन इसी एक निवेश में केंद्रित हो गया।
जब इस निवेश का मूल्य गिरा तो अभियोजन पक्ष के मुताबिक जवाहर ने निवेशकों को वास्तविक स्थिति नहीं बताई। इसके बजाय वह उन्हें निवेश से मुनाफा होने की गलत जानकारी देता रहा। निवेशकों को यह भी बताया गया कि उनका पैसा कुछ विशेष कंपनियों या निवेशों में लगाया गया है, जबकि कई मामलों में ऐसा नहीं किया गया था।
35 मिलियन डॉलर कैसे बना पोंजी नेटवर्क?
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, जुलाई 2016 से दिसंबर 2023 के बीच जवाहर ने निवेशकों से 35 मिलियन डॉलर से अधिक जुटाए, लेकिन इनमें से करीब 10 मिलियन डॉलर ही निवेश किया गया।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, नए निवेशकों से मिले पैसे का इस्तेमाल पुराने निवेशकों को भुगतान करने के लिए किया गया। यह पोंजी योजना की प्रमुख विशेषता है। बाकी रकम का इस्तेमाल निजी खर्चों और आलीशान जीवनशैली पर किया गया। इसमें निजी जेट से यात्रा, न्यूयॉर्क और ऑस्टिन में लग्जरी अपार्टमेंट, निजी क्लबों की सदस्यता, महंगे कपड़े और महंगे रेस्तरां में खर्च शामिल थे।
ट्रैविस केल्सी कैसे जुड़े?
Kansas City Chiefs के स्टार टाइट एंड ट्रैविस केल्सी का नाम जवाहर की सजा सुनाए जाने के दौरान अदालत में पीड़ितों में शामिल किया गया। हालांकि, अदालत में केल्सी ने कितना पैसा निवेश किया था या उन्हें कितनी आर्थिक क्षति हुई, यह सार्वजनिक नहीं किया गया है। 2021 की एक Forbes रिपोर्ट में केल्सी को जवाहर की कंपनी से जुड़े एक फंड में निवेशक बताया गया था। महत्वपूर्ण बात यह है कि केल्सी पर इस मामले में किसी तरह के गलत काम का आरोप नहीं है। वह इस मामले में पीड़ित के तौर पर सामने आए हैं।
जांच में बाधा डालने का भी आरोप
मामले में जवाहर पर जांच में बाधा डालने की कोशिश के आरोप भी सामने आए। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, अभियोग के बाद उसने एक पीड़ित को FBI के सामने अनुकूल बयान देने के लिए प्रभावित करने की कोशिश की। उस पर अपने इमिग्रेशन स्टेटस और वित्तीय स्थिति के बारे में झूठ बोलने तथा अपनी बहन से iPhone को दूर से मिटाने के लिए कहने का भी आरोप था, ताकि सबूत छिपाए जा सकें।
जवाहर के खिलाफ मामले की जांच FBI और Manhattan District Attorney's Office ने की। उसने जनवरी 2026 में वायर फ्रॉड के तीन मामलों में दोष स्वीकार किया था।
31.35 मिलियन डॉलर की क्षतिपूर्ति
अदालत के आदेश के मुताबिक जवाहर को पीड़ितों को 31.35 मिलियन डॉलर की क्षतिपूर्ति करनी होगी। अमेरिकी न्याय विभाग ने कहा कि अदालत ने निवेशकों को हुए भारी नुकसान और लंबे समय तक चले धोखाधड़ी के मामले को सजा तय करते समय ध्यान में रखा।

