बांग्लादेश रेलवे के लिए बने RCF कपूरथला के LHB कोच क्यों हैं खास? जानें 7 बड़ी खूबियां
तीन AC स्लीपर, तीन AC चेयर, 11 नॉन-AC चेयर और दो पावर कार शामिल; कोचों में पहली बार कई आधुनिक डिजाइन और सुरक्षा तकनीकें
रेल कोच फैक्टरी (RCF), कपूरथला ने बांग्लादेश रेलवे के लिए 19 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोचों वाले पहले रेक के रोल-आउट के साथ एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस रेक में तीन AC स्लीपर कार, तीन AC चेयर कार, 11 नॉन-AC चेयर कार और दो पावर कार शामिल हैं।
बांग्लादेश रेलवे की परिचालन और यात्री जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन कोचों को विशेष रूप से कस्टमाइज किया गया है। इनमें कई विशिष्ट डिजाइन विशेषताओं और संशोधनों को शामिल किया गया है, जिनमें से कई LHB प्रकार के कोचों में पहली बार विकसित किए गए हैं।
यात्रियों की सुविधा का खास ध्यान
इन कोचों में यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई रिक्लाइनिंग चेयर लगाई गई हैं। इनमें स्टेनलेस स्टील आर्मरेस्ट और फुटरेस्ट के साथ सीटों को कई पोजीशन में पीछे की ओर झुकाने की सुविधा दी गई है।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए AC कोचों में पंखे, इंटीग्रेटेड CCTV सर्विलांस सिस्टम, पैसेंजर अलार्म सिस्टम और आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियां उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा कोचों में बेबी केयर रूम और प्रार्थना कक्ष जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।
छत को भी किया गया मजबूत
बांग्लादेश की विशिष्ट परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कोचों की रूफ स्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है। इसका उद्देश्य पीक ट्रैफिक के दौरान कोच की छत पर यात्रियों के अतिरिक्त भार को सहन करने की क्षमता बढ़ाना है।
यूरोपीय मानक के अनुरूप क्रैशवर्दी डिजाइन
इन कोचों की प्रमुख तकनीकी विशेषताओं में यूरोपीय मानक EN 15227 के अनुरूप Crashworthy Design Provisions शामिल हैं। इसके लिए कोच की कार बॉडी शेल का व्यापक पुनःडिजाइन किया गया है, ताकि टक्कर की स्थिति में कोच का प्रदर्शन बेहतर हो और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाई जा सके।
कोचों की विद्युत प्रणाली भी बांग्लादेश रेलवे की जरूरतों के अनुसार तैयार की गई है। इनमें 415 वोल्ट ऑपरेशन के लिए विशेष विद्युत प्रणाली लगाई गई है, जबकि भारतीय रेलवे के कोचों में सामान्यतः 750 वोल्ट प्रणाली का इस्तेमाल होता है।
2015-16 में शुरू हुई थी साझेदारी
RCF और बांग्लादेश रेलवे के बीच सहयोग की शुरुआत वर्ष 2015-16 में हुई थी। उस दौरान RCF ने बांग्लादेश रेलवे को 120 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोचों की सफलतापूर्वक आपूर्ति की थी।
इस सफल साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए बांग्लादेश रेलवे ने वर्ष 2024 में RITES के माध्यम से RCF को सात अलग-अलग प्रकार के 200 ब्रॉड गेज यात्री कोचों के निर्माण और आपूर्ति का ऑर्डर दिया। इसी ऑर्डर के तहत अब 19 कोचों वाले पहले रेक का रोल-आउट किया गया है।
RCF की यह उपलब्धि भारतीय रेलवे की आधुनिक LHB कोच निर्माण क्षमता के साथ-साथ पड़ोसी देशों की जरूरतों के अनुरूप कोचों को कस्टमाइज करने की क्षमता को भी दर्शाती है। (पीआईबी के इनपुट के आधार पर)

