Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

Explainer : रुक रुक कर उपवास : फिटनेस का आसान रास्ता या बड़ा भ्रम ? जानिये क्या है सच

कोक्रेन कोलैबोरेशन की समीक्षा में 22 अध्ययनों से खुलासा

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

Fasting Facts : वजन घटाने के लिए ‘इंटरमिटेंट फास्टिंग’ यानी रुक रुक कर उपवास इन दिनों एक बड़ा फिटनेस ट्रेंड बन चुका है। सोशल मीडिया पर इसे तेजी से वजन घटाने का आसान तरीका बताया जाता है। लेकिन हालिया अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समीक्षा इस दावे को पूरी तरह समर्थन नहीं देती।

कोक्रेन कोलैबोरेशन द्वारा 2016 से 2024 के बीच प्रकाशित 22 अध्ययनों की समीक्षा में 1,995 अधिक वजन वाले वयस्कों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। अध्ययन उत्तरी अमेरिका, यूरोप, चीन, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अमेरिका में किए गए थे।

Advertisement

क्या कहते हैं  अध्ययनों के नतीजे

• 21 अध्ययनों में ऊर्जा सीमित आहार और अंतराल उपवास के परिणाम लगभग समान पाए गए।

Advertisement

• दोनों समूहों में 10 प्रतिशत वजन घटने से लेकर एक प्रतिशत वजन बढ़ने तक के परिणाम सामने आए।

• छह अध्ययनों में उपवास समूह की तुलना ‘कोई हस्तक्षेप नहीं’ समूह से की गई। उपवास समूह में औसतन पांच प्रतिशत और नियंत्रण समूह में लगभग दो प्रतिशत वजन घटा।

• तीन प्रतिशत का अंतर चिकित्सकीय रूप से महत्वपूर्ण नहीं माना गया।

निष्कर्ष यह रहा कि रुक रुक कर उपवास ‘कुछ भी न करने’ से बेहतर जरूर है, लेकिन पारंपरिक कैलोरी नियंत्रित डाइट से ज्यादा प्रभावी साबित नहीं हुआ।

क्या हैं संभावित फायदे

कुछ अध्ययनों में रक्तचाप में कमी, मेटाबोलिक सिंड्रोम के जोखिम में कमी और चयापचय सुधार के संकेत मिले हैं। हालांकि जीवन गुणवत्ता पर इसका प्रभाव सीमित पाया गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि अधिकतर अध्ययन 12 महीने या उससे कम अवधि के थे। लंबे समय तक वजन बनाए रखने के संदर्भ में अभी और शोध की जरूरत है।

आखिर अंतराल उपवास है क्या

यह ऐसी डाइट पद्धति है जिसमें ध्यान ‘क्या खाना है’ से ज्यादा ‘कब खाना है’ पर दिया जाता है। 16:8 मॉडल, 5:2 मॉडल और अल्टरनेट डे फास्टिंग इसके लोकप्रिय तरीके हैं। इसमें निश्चित समय अवधि में भोजन और शेष समय उपवास रखा जाता है।

आपके लिए क्या सही

वर्तमान साक्ष्यों के अनुसार, रुक रुक कर उपवास कुछ लोगों के लिए व्यवहारिक और सुरक्षित विकल्प हो सकता है। लेकिन किसी भी वजन घटाने की रणनीति की सफलता आपकी जीवनशैली, अनुशासन और व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करती है।

यदि आप मधुमेह, हार्मोनल असंतुलन या अन्य पुरानी बीमारी से ग्रस्त हैं, तो नया आहार अपनाने से पहले स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह लेना जरूरी है।

Advertisement
×