AI ने बना दी टाइम मशीन! इंस्टाग्राम पर छाया 80s Retro Trend, नेता-अभिनेता भी बने पुराने जमाने के हीरो
एक क्लिक में बदल रहा आज का चेहरा 40 साल पुराना; साड़ी, बेलबॉटम, फूले बाल और विंटेज लाइटिंग के साथ AI बना रहा 1980 के दशक की तस्वीर
सोशल मीडिया की दुनिया में इन दिनों आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का एक नया ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। '1980s Retro Trend' के नाम से लोकप्रिय यह ट्रेंड लोगों को बिना टाइम मशीन के सीधे 40 साल पीछे ले जा रहा है। इंस्टाग्राम से लेकर फेसबुक और एक्स तक यूजर्स अपनी मौजूदा तस्वीरों को 1980 के दशक की पुरानी तस्वीरों में बदलकर शेयर कर रहे हैं।
खास बात यह है कि यह सिर्फ कोई सामान्य फोटो फिल्टर नहीं है। AI की मदद से तस्वीर के कपड़े, हेयरस्टाइल, बैकग्राउंड, लाइटिंग और यहां तक कि फोटो की पूरी विजुअल टोन को 80 के दशक के अंदाज में बदल दिया जाता है। नतीजा ऐसा होता है कि तस्वीर किसी पुराने फोटो एलबम, स्टूडियो पोर्ट्रेट या 80 के दशक की बॉलीवुड फिल्म के पोस्टर जैसी नजर आती है।
इंस्टाग्राम के 'एड योर' से तेजी से फैला ट्रेंड
इस ट्रेंड को इंस्टाग्राम के 'एड योर' स्टिकर और स्टोरीज के जरिए भी खूब बढ़ावा मिल रहा है। एक यूजर अपनी रेट्रो तस्वीर शेयर करने के बाद दूसरे लोगों को भी इसी अंदाज में फोटो बनाने की चुनौती दे रहा है। इसके चलते देखते ही देखते हजारों यूजर्स अपनी '80s वाली पहचान' सोशल मीडिया पर दिखा रहे हैं।
बॉलीवुड से लेकर फैमिली एलबम तक, कई अंदाज
AI से बनाई जा रही तस्वीरों में 80 के दशक की अलग-अलग थीम देखने को मिल रही हैं। कुछ तस्वीरें पुराने बॉलीवुड सिनेमा की याद दिलाती हैं तो कुछ बिल्कुल वैसी लगती हैं, जैसे किसी पुराने पारिवारिक एलबम से निकली हों।
भारतीय लुक में महिलाओं को चमकीली साड़ियों, बड़ी ज्वैलरी और घुंघराले या फूले हुए बालों के साथ दिखाया जा रहा है। पुरुषों के लिए चौड़े कॉलर वाली शर्ट, हाई-वेस्ट पैंट, बेलबॉटम, मूंछ और उस दौर की हेयरस्टाइल का इस्तेमाल किया जा रहा है।
लोग इन रेट्रो स्टाइल्स को कर रहे पसंद
- बॉलीवुड रेट्रो: 80 के दशक की फिल्मों जैसा ग्लैमरस और नाटकीय अंदाज।
- क्लासिक फैमिली एलबम: हल्के फीके रंग, सॉफ्ट फोकस और पुराने कैमरे से खींची तस्वीर जैसा लुक।
- स्ट्रीट और डिस्को वाइब: रंगीन रोशनी, डिस्को क्लब, रेट्रो जिम या 80 के दशक की सड़कों जैसा बैकग्राउंड।
नेताओं पर भी चढ़ा 80s का खुमार
इस ट्रेंड की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई बड़े नेता भी इसके साथ जुड़ते नजर आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के 80 के दशक वाले AI लुक सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे हैं।
View this post on Instagram
इन तस्वीरों में नेताओं को उस दौर के फैशन, चौड़े कॉलर वाली शर्ट, बेलबॉटम और विंटेज हेयरस्टाइल में दिखाया जा रहा है। हिमंता बिस्वा सरमा ने अपना रेट्रो लुक शेयर करते हुए लिखा कि वह नॉस्टैल्जिया से जुड़े किसी भी ट्रेंड में शामिल होने से खुद को रोक नहीं पाए। किरेन रिजिजू ने भी रेट्रो नॉस्टैल्जिया से जुड़ी अपनी AI तस्वीर शेयर की।
Rahul Gandhi catches the 80s trend wave ‼️ pic.twitter.com/a5EysMQwxR
— Congress Sevadal (@CongressSevadal) September 9, 2026
Why is everyone going back to the 80s vibes? I'm also forced to 80s nostalgia ! pic.twitter.com/iJIg8JmZOz
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) September 9, 2026
80s called, I answered pic.twitter.com/piFDpYnGLV
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) September 9, 2026
Vibing to the 80s trend 😎 pic.twitter.com/nvzhrMDg1T
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) September 8, 2026
आखिर कैसे बन रही हैं ये 80s वाली तस्वीरें?
इस ट्रेंड में यूजर अपनी साफ और सामने से ली गई तस्वीर को AI टूल में अपलोड करता है। इसके बाद प्रॉम्प्ट में 1980 के दशक का लुक देने के लिए कपड़ों, हेयरस्टाइल, बैकग्राउंड, कैमरा क्वालिटी और लाइटिंग जैसी चीजों का विवरण दिया जाता है।
AI इसके आधार पर मूल तस्वीर को नए अंदाज में तैयार कर देता है। बेहतर परिणाम के लिए यूजर दोबारा निर्देश देकर कपड़ों, बैकग्राउंड या लाइटिंग में बदलाव भी कर सकते हैं।
ChatGPT से ऐसे बनाएं अपनी 80s वाली फोटो
अगर आप भी इस ट्रेंड का हिस्सा बनना चाहते हैं तो अपनी एक साफ फोटो ChatGPT जैसे AI टूल में अपलोड कर सकते हैं। इसके बाद ऐसा प्रॉम्प्ट दे सकते हैं—
'इस तस्वीर को 1980 के दशक की भारतीय स्टूडियो पोर्ट्रेट फोटो में बदलें। चेहरे की पहचान और चेहरे की मुख्य विशेषताएं बरकरार रखें। 80s की फैशन स्टाइल, उस दौर की हेयरस्टाइल, विंटेज कपड़े, एनालॉग कैमरा लुक, सॉफ्ट फिल्म ग्रेन, गर्म रोशनी और पुराने फोटो स्टूडियो जैसा बैकग्राउंड रखें। तस्वीर वास्तविक और प्राकृतिक लगे।'
इसके बाद जरूरत के मुताबिक इसमें बॉलीवुड, शादी, फैमिली एलबम, डिस्को या कॉलेज के 80s लुक जैसे अलग-अलग निर्देश जोड़े जा सकते हैं।
यूजर्स बोले- AI ने सच में बना दी टाइम मशीन
रेट्रो तस्वीरों को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। कई यूजर्स इन तस्वीरों को देखकर मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि AI ने मानो टाइम मशीन ही बना दी है। वहीं कुछ लोगों को अपनी पुरानी यादों और 80 के दशक की फैशन स्टाइल को नए अंदाज में देखने का मौका मिल रहा है।

