इस साल बॉलीवुड के निर्माता अपनी सब्जेक्ट बेस्ड फिल्मों को लेकर उत्साहित हैं। पुराने दौर की कुछ अहम व दिलचस्प घटनाओं को खंगाल कर कहानी काे जामा पहनाया जा रहा है। नए साल में दर्शकों के लिए अलग-अलग जॉनर का टेस्ट मौजूद रहेगा।
हर नए साल के शुरू में ही हमारे फिल्म निर्माता अपने लिए कुछ नए रेज़ोल्यूशन तय करते हैं। इसमें हमेशा की तरह बीते साल की हिट और दर्शकों द्वारा सराही गई फिल्में उनके लिए प्रेरणा बनती हैं। इस साल भी कुछ ऐसा हो रहा है। अब हमारे निर्माताओं की नजर सब्जेक्ट बेस्ड फिल्मों पर है। और इसके लिए पुराने दौर की कुछ अहम और दिलचस्प घटनाओं को अच्छी तरह से खंगाल कर कहानी को नया जामा पहनाया जा रहा है। जिसके चलते उम्मीद है कि नए साल में ‘धुरंधर-2’, ‘लाहौर 1947’, ‘ओ रोमियो’ व ‘बनारस’ जैसी कई फिल्मों को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिले ।
मि. परफेक्शनिस्ट भी सक्रिय
अब ताजा हाल यह है कि कई निर्माता अपनी सब्जेक्ट बेस्ड फिल्मों को लेकर काफी उत्साहित हैं। इसकी शुरुआत आमिर खान से करना वाजिब होगा। मि. परफेक्शनिस्ट के तौर पर जाने जाने वाले आमिर खान ‘ठग्स ऑफ हिंदुस्तान’ और ‘लाल सिंह चड्ढा’ जैसी लगातार दो बड़ी विफलताओं को भुलाकर पूरे जोश के साथ नए साल में ‘लाहौर 1947’ लेकर आएंगे। संभवतः जून 2026 में रिलीज़ होने वाली उनकी यह एक महत्वाकांक्षी फिल्म है। आमिर की बातचीत से लगता है कि नव वर्ष में उनका एकमात्र रेज़ोल्यूशन यही होगा कि ‘लाहौर 1947’ के जरिए खुद को एक निर्माता के तौर पर साबित करें। वहीं राजकुमार हिरानी की दादा साहब फाल्के पर बेस्ड फिल्म को किसी विशेष कारणों से कुछ दिनों के लिए रोक दिया गया है। अब ऐसा कहा जा रहा है कि ‘थ्री इडियट्स-2’ की स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है।
फिर से तैयार हैं किंग खान
जब आमिर उत्साहित हैं, तो शाहरुख भला क्यों पीछे रहेंगे। मगर इस बार उन्होंने ज्यादा सतर्कता बरती है। वह अपने प्रचलित नाम में शामिल शब्द ‘किंग’ नाम से ही एक फिल्म बना रहे हैं। नए साल का उनका पहला रेज़ोल्यूशन भी यही है। नए साल के मध्य में रिलीज़ होने वाली इस फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन इन दिनों तेजी से चल रहा है। शाहरुख के बैनर के एक प्रिय सदस्य पहले इस फिल्म का लेखन-निर्देशन कर रहे थे, मगर फिल्म सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन मंद पूरी हुई। इसमें शाहरुख की बेटी सुहाना खान को लॉन्च किया जाएगा। शाहरुख के अलावा इसमें एक अहम रोल अनिल कपूर भी कर रहे हैं।वहीं अभिषेक भी हैं।
अक्की की सरगर्मी बरकरार
हमेशा की तरह अब भी अभिनेता अक्षय कुमार के तरकश में कई तीर हैं। ‘वेलकम टू जंगल’, ‘हेरा-फेरी-3’ आदि ऐसी कुछेक फिल्मों के अलावा साउथ की भी दो अहम फिल्मों को लेकर व्यस्त हैं। लेकिन अक्षय की पिछली लगभग सारी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कम रहा है। उनकी तरह अजय देवगन भी इसी तरह की परेशानी का सामना कर रहे हैं।
रामायण की बातें
वैसे दर्जनों बार सेल्युलॉइड की शोभा बन चुकी रामायण की कहानी सिर्फ भगवान राम की कथा बयां नहीं करती है। इसका हर पात्र अपने आप में एक कथा है। शायद इसलिए पात्रों की महत्ता के मुताबिक ही निर्देशक नितेश तिवारी ने कलाकारों का चयन किया है। उनकी फिल्म में जटायु का छोटा-सा अति महत्वपूर्ण रोल अमिताभ बच्चन ने किया है। और रामभक्त हनुमान का रोल सनी देओल ने किया है। दो भागों में बन रही उनकी यह फिल्म इसी साल कुछ माह के अंतराल से बारी-बारी से प्रदर्शित होगी।
‘बनारस’ हैदराबाद में
बड़ी फिल्मों के निर्माण के एक बड़े नाम एस. राजामौली इन दिनों हैदराबाद में फिल्म बनारस का विशाल सेट लगाकर इसकी री-शूटिंग कर रहे हैं। असल में बनारस के असली लोकेशन में फिल्माई गई उनकी सारी शूटिंग लीक हो गई थी, जो उन्हें पसंद नहीं था। प्रियंका चोपड़ा और साउथ के दिग्गज हीरो महेश बाबू की इस बड़ी फिल्म को वह 2026 में ही रिलीज़ करना चाहते थे, मगर यह 2027 में ही रिलीज़ हो पाएगी।
खाली नहीं बॉलीवुड का खजाना
देखा जाए तो ये चंद फिल्में ही नहीं, बल्कि लगभग एक दर्जन छोटी-बड़ी फिल्में हैं, जो संभावनाओं से भरी हैं। अब जैसे कि भंसाली की फिल्मों का अपना क्रेज होता है। क्योंकि उनकी फिल्मों की भव्यता और टोटल इफेक्ट हमेशा ही दर्शकों को भाता है। इसी तरह से अक्षय की एक मल्टी स्टार कॉमेडी फिल्म है। यानी नए साल में दर्शकों के लिए अलग-अलग टाइप का टेस्ट मौजूद रहेगा।

