Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

महिला प्रतिभाओं के सामने अवसरों का अनंत आकाश

डिजिटल दौर में कैरियर

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

जो महिलाएं पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ पेशेवर जीवन आगे बढ़ाना चाहती हैं, मौजूदा डिजिटल दौर में उनके लिए काम की अनेक संभावनाएं हैं। वे घर से काम शुरू करके अपने कौशल को व्यवसाय में बदल सकती हैं, ऑनलाइन सेवाएं दे सकती हैं व अपना ब्रांड भी बना सकती हैं। यूट्यूब, पॉडकास्ट और ब्लॉगिंग में भी कैरियर संभव हैं तो ग्राफिक डिजाइन, डिजिटल मार्केटिंग, ऑनलाइन ट्यूशन, वीडियो एडिटिंग, डेटा संबंधी काम और ग्राहक सहायता आदि में भी। रचनात्मक क्षेत्रों डिजाइन, फोटोग्राफी, वीडियो निर्माण या सोशल मीडिया प्रबंधन में भी अवसर हैं।

आज कैरियर की दिशा तेजी से बदल रही है। डिजिटल तकनीक, ऑनलाइन शिक्षा, फ्रीलांसिंग, घर से काम और उद्यमिता ने कैरियर की परिभाषा को पहले से कहीं अधिक व्यापक बना दिया है। अब प्रतिभा को अवसर से जोड़ने के लिए हर बार किसी बड़े शहर या बड़े संस्थान तक पहुंचना जरूरी नहीं रह गया है। महिलाओं के लिए यह बदलाव विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। परिवार, बच्चों, स्थान या अन्य जिम्मेदारियों के साथ अपने पेशेवर जीवन को आगे बढ़ाने की इच्छा रखने वाली महिलाओं के लिए काम के नए प्रारूप अनेक संभावनाएं लेकर आए हैं। आज वे घर से काम शुरू करके धीरे-धीरे अपने कौशल को व्यवसाय में बदल सकती है, ऑनलाइन सेवाएं दे सकती है व अपना ब्रांड बना सकती है।

घर से शुरू हो सकता है कैरियर

Advertisement

कैरियर की शुरुआत हमेशा बड़ी नौकरी से हो, यह जरूरी नहीं। आज लेखन, अनुवाद, ग्राफिक डिजाइन, डिजिटल मार्केटिंग, ऑनलाइन ट्यूशन, वीडियो एडिटिंग, डेटा संबंधी काम और ग्राहक सहायता जैसे अनेक कार्य घर से किए जा सकते हैं। इंटरनेट ने छोटे शहरों और कस्बों में रहने वाली महिलाओं के लिए भी अच्छे अवसर उपलब्ध कराए हैं। किसी विषय में अच्छी जानकारी है तो ऑनलाइन कक्षाएं ले सकती हैं। भाषा पर पकड़ है तो लेखन, संपादन या अनुवाद को पेशे के रूप में अपना सकती हैं। रचनात्मक रुचि है तो डिजाइन, फोटोग्राफी, वीडियो निर्माण या सोशल मीडिया प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ सकती हैं। शुरुआत में काम का दायरा सीमित भी हो तो अनुभव, संपर्क और कौशल बढ़ने के साथ वही काम स्थायी कैरियर का आधार बन सकता है।

Advertisement

डिजिटल दुनिया ने बढ़ाए अवसर

स्मार्टफोन और इंटरनेट अब केवल संचार के साधन नहीं रहे। वे सीखने, काम करने और कमाई के माध्यम भी बन चुके हैं। महिलाएं ऑनलाइन पाठ्यक्रमों के माध्यम से नए कौशल सीख सकती हैं। डिजिटल मार्केटिंग, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन, सोशल मीडिया प्रबंधन, ई-कॉमर्स, वेब डिजाइन, वीडियो एडिटिंग और कंटेंट राइटिंग जैसे क्षेत्रों में अवसर सामने आ रहे हैं। इन क्षेत्रों में योग्यता डिग्री से तय नहीं होती। काम की गुणवत्ता, कौशल और अनुभव भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उपलब्ध हैं नए विकल्प

अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने वाली महिलाओं के लिए यूट्यूब, पॉडकास्ट और अन्य डिजिटल माध्यम भी कैरियर का नया क्षेत्र बन रहे हैं। शिक्षा, खाना पकाने, स्वास्थ्य एवं जीवनशैली, साहित्य, कला, संगीत, यात्रा, वित्तीय जागरूकता, स्थानीय संस्कृति और कैरियर मार्गदर्शन जैसे अनेक विषयों पर उपयोगी सामग्री तैयार की जा सकती है। हालांकि डिजिटल मंच पर सफलता के लिए कैमरा या माइक्रोफोन के अलावा विषय की समझ, अच्छी प्रस्तुति व नियमितता आवश्यक है। शुरुआत में इसे अतिरिक्त काम के रूप में करें। सामग्री अच्छी होने पर धीरे-धीरे दर्शकों का आधार बन सकता है।

फ्रीलांसिंग से उद्यमिता तक

फ्रीलांसिंग महिलाओं के लिए एक ऐसा विकल्प है जिसमें अपने कौशल के आधार पर अलग-अलग ग्राहकों के साथ काम किया जा सकता है। लेखन, डिजाइन, प्रोग्रामिंग, डिजिटल मार्केटिंग, वीडियो निर्माण, अनुवाद और परामर्श जैसी सेवाओं के लिए फ्रीलांस काम उपलब्ध हैं। शुरुआत छोटे प्रोजेक्ट से की जा सकती है। काम का अनुभव बढ़ने के साथ ग्राहक और काम दोनों बढ़ सकते हैं। आगे चलकर कोई महिला स्वयं की एजेंसी या छोटी कंपनी भी शुरू कर सकती है।

कैरियर में वापसी का अवसर

कई महिलाएं पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण कुछ वर्षों का कैरियर ब्रेक लेती हैं। इसका अर्थ यह नहीं कि उनका पेशेवर जीवन समाप्त हो गया। बदलती कार्य-संस्कृति ने ऐसे विकल्प बढ़ाए हैं जिनसे वे अपनी गति के अनुसार दोबारा शुरुआत कर सकती हैं। ऐसी महिलाओं के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण, अल्पकालिक पाठ्यक्रम, इंटर्नशिप, फ्रीलांस प्रोजेक्ट और पार्ट-टाइम काम उपयोगी शुरुआत हो सकते हैं।

नौकरी से आगे नेतृत्व तक

कैरियर का अंतिम लक्ष्य केवल नौकरी पाना नहीं हो। कौशल और अनुभव बढ़ने के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ सकती हैं। टीम का संचालन, परियोजना प्रबंधन, विभागीय जिम्मेदारी, व्यवसाय संचालन और उद्यमिता महिलाओं के लिए नेतृत्व के नए रास्ते खोलते हैं। आज किसी महिला की यात्रा घर से काम शुरू करने से लेकर अपनी टीम बनाने तक पहुंच सकती है। नेतृत्व के लिए विषय-ज्ञान के साथ संवाद-कौशल, निर्णय क्षमता, टीम के साथ काम करने की कला और वित्तीय समझ भी महत्वपूर्ण होती है।

सीखना अब कभी बंद नहीं होता

तकनीक बदल रही है और उसके साथ काम करने के तरीके भी बदल रहे हैं। इसलिए किसी एक डिग्री या प्रशिक्षण को कैरियर की अंतिम मंजिल मानने के बजाय निरंतर सीखने की आदत विकसित करना अधिक उपयोगी है। महिलाएं सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रमों, विश्वविद्यालयों, कौशल विकास संस्थानों, ऑनलाइन शिक्षण मंचों और विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के माध्यम से अपने कौशल को मजबूत कर सकती हैं।

सही शुरुआत व निरंतरता से बनेगी बात

नए कैरियर की शुरुआत करते समय बहुत बड़े निवेश की आवश्यकता हमेशा नहीं होती। पहले अपने कौशल और रुचि की पहचान करना, फिर छोटे स्तर पर काम शुरू करना और उसके बाद अनुभव के आधार पर विस्तार करना अधिक व्यावहारिक है। साथ ही डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन भुगतान, अनुबंध, ग्राहक संबंध और व्यक्तिगत वित्त की बुनियादी जानकारी भी जरूरी है। खासकर घर से काम करने वाली महिलाओं को अपने काम और निजी जीवन के बीच समय का संतुलन बनाना सीखना होगा।

Advertisement
×