मौजूदा दौर में विद्यार्थी के सामने कैरियर विकल्पों की कमी नहीं बल्कि भरमार है। लेकिन कैरियर के चुनाव को लेकर समस्या आती है। कई तरह की सलाहें व पैरेंट्स की अपेक्षाएं- भ्रम की स्थिति बनाती हैं। दरअसल सही कैरियर चुनने के लिए केवल मार्क्स नहीं, बल्कि रुचि, काबिलियत व खुद की पर्सनेलिटी समझें। चर्चा के बाद अभिभावक मार्गदर्शक की भूमिका निभाएं। कैरियर रिसर्च, स्किल विकास और वैकल्पिक योजना सफलता में सहायक हैं। सही करियर वही है जो रुचि, क्षमता और उद्देश्य को जोड़ सके।
आज का विद्यार्थी ऐसे समय में कैरियर चुन रहा है, जब अवसरों की कमी नहीं, बल्कि विकल्पों की अधिकता है। एक ओर डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, शिक्षक और प्रशासनिक सेवाओं जैसे पारंपरिक कैरियर हैं, तो दूसरी ओर डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, स्पेस टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, एनवायरनमेंटल साइंस, डिजाइन, डिजिटल मीडिया, गेमिंग, ड्रोन टेक्नोलॉजी और अनगिनत नए क्षेत्र तेजी से उभर रहे हैं। फिर भी एक प्रश्न लगातार बना हुआ है, ‘ मेरे लिए सही कैरियर कौन-सा है?’ यही आज की सबसे बड़ी कैरियर चुनौती है- कैरियर को लेकर उलझन।
विकल्प बढ़े हैं, स्पष्टता नहीं
पहले कैरियर विकल्प सीमित थे, इसलिए निर्णय अपेक्षाकृत सरल था। आज इंटरनेट के एक क्लिक पर हजारों कोर्स, संस्थान, कैरियर और पेशे उपलब्ध हैं। सोशल मीडिया पर हर दिन कोई न कोई सफलता की कहानी दिखाई देती है। किसी को देखकर लगता है कि हमें भी वही करना चाहिए। फिर किसी रिश्तेदार की सलाह, मित्रों का प्रभाव और परिवार की अपेक्षाएं भी अलग-अलग। नतीजा, विद्यार्थी कभी अपने अंकों के पीछे भागता है, कभी दूसरों की पसंद के पीछे और कभी ट्रेंड के पीछे। ऐसे में कैरियर का चुनाव स्वयं को समझकर किया जाना चाहिए।
अंक आपकी पूरी पहचान नहीं
अच्छे अंक महत्वपूर्ण हैं, लेकिन वे यह तय नहीं करते कि विद्यार्थी जीवन में क्या कर सकता है। कोई गणित में अच्छा है तो जरूरी नहीं कि वह इंजीनियर ही बने या जीव विज्ञान में रुचि रखने वाला हर विद्यार्थी डॉक्टर ही बने। इसी तरह किसी परीक्षा में कम अंक आ जाना भविष्य की सीमा निर्धारित नहीं करता। अंक बताते हैं कि आपने किसी विशेष परीक्षा में कैसा प्रदर्शन किया। कैरियर यह तय करता है कि आप अपनी क्षमताओं का उपयोग जीवन में कैसे करना चाहते हैं। इसलिए कैरियर के निर्णय में मार्क्स के साथ एप्टीट्यूड, रुचि, पर्सनेलिटी और मूल्यों को भी महत्व देना होगा।
पैशन या एप्टीट्यूड -किसे चुनें?
आजकल एक लोकप्रिय सलाह है- ‘ फोलो योर पैशन।’ लेकिन केवल पैशन यानी जुनून के आधार पर कैरियर चुनना भी जोखिमपूर्ण हो सकता है। रुचि हमें बताती है कि हमें क्या अच्छा लगता है। योग्यता बताती है कि हम किस काम में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। व्यक्तित्व बताता है कि हम किस प्रकार के कार्य वातावरण में सहज रहेंगे और भविष्य की संभावनाएं बताती हैं कि उस क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर कितने हैं। इसलिए बेहतर प्रश्न है- ‘मेरी रुचि और क्षमता किस क्षेत्र में मिलती हैं, और उस क्षेत्र में संभावनाएं क्या हैं?’
अभिभावक: रास्ता दिखाएं, रास्ता तय न करें
भारत में कैरियर का निर्णय केवल विद्यार्थी का निर्णय नहीं होता। परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। लेकिन कभी-कभी अभिभावकों की बच्चों के बारे में सुरक्षा की चिंता उनकी अपनी रुचि और क्षमता पर हावी हो जाती है। ‘पड़ोसी का बेटा इंजीनियर है।’ ‘डॉक्टर बनोगे तो भविष्य सुरक्षित रहेगा।’ ‘सरकारी नौकरी से बेहतर कुछ नहीं।’ ऐसी बातें सुनते-सुनते बच्चा अपनी आवाज सुनना भूल सकता है। अभिभावकों को बच्चों से यह पूछें कि -‘तुम क्या बनना चाहते हो?’ ‘तुम ऐसा क्यों बनना चाहते हो?’ और ‘क्या हम मिलकर उस विकल्प की वास्तविकता को समझें?’ अभिभावक का काम बच्चे के लिए कैरियर चुनना नहीं, बल्कि उसे सही निर्णय लेने योग्य बनाना होना चाहिए।
कैरियर रिसर्च भी जरूरी
कैरियर केवल उसके नाम या प्रतिष्ठा के आधार पर चुनना पर्याप्त नहीं। जिस क्षेत्र में विद्यार्थी जाना चाहे, उसके बारे में उसे कम-से-कम पांच बातें पता हों- प्रवेश के लिए कौन-सी योग्यता आवश्यक है? कौन-से विषय और कौशल महत्वपूर्ण हैं? अच्छे संस्थान और पाठ्यक्रम कौन-से हैं? रोजगार और विकास के अवसर क्या हैं? अगले 5–10 वर्षों में इस क्षेत्र की दिशा क्या हो सकती है? आज कैरियर काउंसलिंग का अर्थ केवल यह बताना नहीं है कि ‘आप कौन-सा कोर्स करें।’ वास्तविक काउंसलिंग का उद्देश्य विद्यार्थी को इतना सक्षम बनाना है कि वह स्वयं कैरियर इंफॉर्मेशन को समझकर बेहतर निर्णय ले सके।
डिग्री से आगे बढ़कर स्किल की दुनिया
आज कैरियर की दुनिया में केवल डिग्री होना पर्याप्त नहीं रह गया है। फीजिक्स पढ़ने वाला विद्यार्थी केवल अध्यापन या शोध तक सीमित नहीं। वह सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी, नवीकरणीय ऊर्जा, अंतरिक्ष विज्ञान, पदार्थ विज्ञान, वैज्ञानिक संचार, इंस्ट्रूमेंटेशन और अनेक अंतर्विषयक क्षेत्रों में अवसर खोज सकता है। इसी तरह कॉमर्स केवल सी.ए. या बैंकिंग तक सीमित नहीं और ह्यूमैनिटीज केवल टीचिंग या सिविल सर्विसेज तक नहीं। भविष्य उन विद्यार्थियों का है जो अपने विषय को कौशलों के साथ जोड़ना जानते हैं। कम्युनिकेशन, क्रिटिकल थिंकिंग, क्रिएटिविटी, प्रॉब्लम-सॉल्विंग, कोलेबोरेशन, डिजिटल लिटरेसी और एडैप्टेबिलिटी जैसे कौशल लगभग हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण होते जा रहे हैं। इसलिए विद्यार्थी को यह नहीं पूछना चाहिए कि ‘मेरी डिग्री मुझे कौन-सी नौकरी देगी?’ उसे पूछना चाहिए- ‘मेरी डिग्री के साथ मैं कौन-सी क्षमताएं विकसित कर सकता हूं?’
प्लान बी रखना
कैरियर की योजना बनाने का समय एक और गलती होती है-विद्यार्थी अपने सामने केवल एक ही रास्ता रखता है। यदि लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो उसे लगता है कि सब खत्म हो गया।
लेकिन वास्तविक जीवन में कैरियर शायद ही कभी सीधी रेखा में चलता है। एक लक्ष्य तक पहुंचने के कई रास्ते हो सकते हैं। इसलिए प्लान बी योग्यता की तैयारी नहीं, भविष्य की तैयारी है। बल्कि समझदार कैरियर प्लानिंग में प्लान ए के साथ वैकल्पिक प्लान होना चाहिए।
पहले खुद को समझो
कैरियर की उलझन का समाधान केवल अधिक योग्यता की सूची बनाना नहीं है। समाधान है-स्वयं को समझना। एक विद्यार्थी अपने आप से पूछ सकता है- मुझे वास्तव में किन विषयों और गतिविधियों में रुचि है? मेरी क्षमताएं क्या हैं? मेरा व्यक्तित्व किस कार्य के अनुकूल है? मेरे लिए सफलता का अर्थ क्या है-आय, प्रतिष्ठा, स्वतंत्रता, सेवा या प्रभाव? क्या मैं उस कैरियर के लिए आवश्यक कौशल और अनुशासन विकसित करने को तैयार हूं? इन प्रश्नों के ईमानदार उत्तर कैरियर भ्रम को काफी हद तक कैरियर स्पष्टता में बदल सकते हैं।
एक दिन का फैसला नहीं
कैरियर कोई ऐसा निर्णय नहीं जिसे 17 या 18 साल की उम्र में लेकर जीवनभर उसी दिशा में चलना अनिवार्य हो। दुनिया बदल रही है। तकनीक बदल रही है। रोजगार के स्वरूप बदल रहे हैं। पुराने पेशों की प्रकृति बदल रही है। इसलिए विद्यार्थी को कैरियर फ्लेक्सिबिलिटी भी सीखनी होगी। उसे एक प्रोफेशन से ज़्यादा ज़रूरी अपनी लर्निंग एबिलिटी को बनाना होगा।क्योंकि आने वाले समय में सबसे मूल्यवान व्यक्ति वह होगा जो बदलती परिस्थितियों के साथ सीख सकता है, स्वयं को बदल सकता है और नए अवसर पहचान सकता है।
सही कैरियर का अर्थ
अंततः सही कैरियर वह नहीं है जिसे समाज सबसे प्रतिष्ठित मानता है। सही कैरियर वह है जहां- रुचि को दिशा मिले, क्षमता को अवसर मिले, कौशल को पहचान मिले, और काम को उद्देश्य मिले। विद्यार्थियों को यह समझना होगा कि कैरियर की दौड़ में सबसे तेज दौड़ना जरूरी नहीं है। जरूरी यह है कि दौड़ सही दिशा में हो। इसलिए अगली बार जब किसी बच्चे से पूछा जाए- ‘तुम बड़े होकर क्या बनोगे?’ तो शायद हमें प्रश्न थोड़ा बदल देना चाहिए- ‘तुम किस तरह की समस्या हल करना चाहते हो, किस तरह का जीवन जीना चाहते हो और समाज में किस प्रकार का योगदान देना चाहते हो?’ कैरियर चुनना मंजिल चुनना नहीं है, अपनी दिशा पहचानना है।

