Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

पीएम मोदी ने किया एआई फॉर ऑल का आह्वान

दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो शुरू

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
नयी दिल्ली में आयोजित एआई शिखर सम्मेलन में पहुंचे पीएम मोदी। -प्रेट्र
Advertisement
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यहां एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़ी गतिविधियों पर केंद्रित प्रदर्शनी 'इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो' का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने सभी के लिए एआई (एआई फॉर ऑल) का आह्वान किया। उन्होंने घरेलू बड़े भाषा और बुनियादी मॉडल जैसे सर्वम एआई, भारत जेन और ज्ञानी डॉट एआई की तारीफ की। साथ ही घरेलू तकनीकी क्षमता निर्माण के महत्व पर जोर दिया। पीएम ने कहा, 'नवोन्मेषकों, शोधकर्ताओं और टेक उत्साही लोगों के बीच रहना एआई, भारतीय प्रतिभा और नवाचार की असाधारण क्षमता की झलक देता है। उन्होंने कहा कि हम मिलकर ऐसे समाधान तैयार करेंगे, जो केवल भारत के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए होंगे। पीएम ने इस प्रदर्शनी का उद्घटान करने के बाद इसमें हिस्सा ले रही स्टार्टअप कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद भी किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉल का अवलोकन किया और प्रदर्शनी में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।

यह उद्घाटन ऐसे समय में हो रहा है, जब देश डेटा सिक्योरिटी, एल्गोरिदमिक बायस और टेक्नोलॉजिकल डिपेंडेंस को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच कंप्यूट इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने, सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन को सुरक्षित करने और स्वदेशी मॉडल विकसित करने की होड़ में लगा है।

Advertisement

भारत के लिए, इस मौके के साथ-साथ घरेलू कंप्यूट क्षमता का विस्तार करना, उच्च गुणवत्ता वाले बहुभाषी डेटा सेट तक पहुंच सुनिश्चित करना, एआई कौशल विकास को बढ़ाना और डिजिटल खाई को पाटने जैसी स्ट्रक्चरल चुनौतियां भी हैं।

Advertisement

एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने वैश्विक प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह शिखर सम्मेलन विश्व नेताओं, उद्योग जगत के दिग्गजों, नवोन्मेषक, नीति-निर्माताओं, शोधकर्ता और तकनीकी उत्साही लोगों को एक साथ लाता है। उन्होंने शिखर सम्मेलन की थीम 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' को उजागर करते हुए बताया कि यह भारत की मानव-केंद्रित प्रगति के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि आज एआई स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, शासन और उद्योग सहित कई क्षेत्रों में परिवर्तन ला रहा है। उन्होंने कहा कि यह शिखर सम्मेलन नवाचार, सहयोग और जिम्मेदार उपयोग पर वैश्विक विमर्श को समृद्ध करेगा। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा कि भारत के 1.4 अरब लोगों की बदौलत हमारा देश एआई परिवर्तन के अग्रिम मोर्चे पर खड़ा है। डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर जीवंत स्टार्टअप इकोसिस्टम और अत्याधुनिक अनुसंधान तक, एआई के क्षेत्र में हमारी प्रगति हमारी महत्वाकांक्षा और जिम्मेदारी दोनों को दर्शाती है। वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भारत की स्थिति को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस शिखर सम्मेलन के परिणाम एक प्रगतिशील, नवाचारी और अवसर-प्रधान भविष्य को आकार देंगे। एआई शिखर सम्मेलन में भारी भीड़ पहुंची। लोगों की लंबी कतारों के बीच यह एक्सपो शुरू हुआ। यह एक्सपो देश में उभरती एआई पारिस्थितिकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है। इसमें 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप भाग ले रहे हैं। साथ ही 13 देशों के मंडप भी स्थापित किए गए हैं, जो एआई क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करते हैं।

Advertisement
×