अपने घर या फ्लैट की बालकनी को आकर्षक बनाकर एक ऐसे स्पेस में बदल सकते हैं, जहां पर हम सुबह-शाम की चाय का आनंद लेने के साथ-साथ घर के सदस्यों के साथ बैठ सकते हैं या इसे एक स्टडी कॉर्नर का रूप भी दे सकते हैं। और सर्दियों में धूप का आनंद ले सकें तो कहना ही क्या।
बालकनी हमारे घर का एक ऐसा हिस्सा होती है, जिसमें खुलापन, रोशनी और धूप होती है। इसे हम और भी ज्यादा आकर्षक, कोज़ी और मनमोहक बना सकते हैं। हालांकि आजकल छोटे फ्लैटों और घरों में बालकनी भी घर के साइज के अनुरूप होती है। बालकनी छोटी हो या बड़ी, चाहे जैसी भी हो, उसे हम आकर्षक बनाकर एक ऐसे स्पेस में बदल सकते हैं, जहां पर हम सुबह-शाम की चाय का आनंद लेने के साथ-साथ घर के सदस्यों के साथ बैठ सकते हैं या इसे एक स्टडी कॉर्नर का रूप भी दे सकते हैं। अपनी बालकनी को शानदार बनाने पर विचार कर सकते हैं। जानिये किन-किन बदलावों को अपनाकर बालकनी बेहतर बना सकते हैं :
साफ-सफाई
यदि आपने अपने घर की आगे या पीछे की बालकनी में पुराना कूलर, जूते, चप्पल, बेकार इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या टूटा फर्नीचर यूं ही रख छोड़ा है, तो उन्हें हटाकर उसे नया रूप देने के लिए सोचें।
आकर्षक टाइल्स व फर्नीचर
बालकनी में आकर्षक टाइल्स लगवायी जा सकती हैं या उसकी दीवारों पर सफेदी करवाकर उनके पिलर और पैनल्स पर हरे रंग के पत्तों की बेलें और चित्र बनाये जा सकते हैं। बालकनी अगर छोटी है तो उसके फर्श को भी बदला जा सकता है। यहां लॉन कुर्सियों के सेट या बेंच या मेटल फर्नीचर रख सकते हैं। जगह अगर कम है तो फोल्डेबल फर्नीचर का इस्तेमाल करें।
लाइट्स व विंड चाइम्स
बालकनी को नया लुक देने के लिए यूरोपीयन स्टाइल की लाइट्स या हैंगिंग लैंप लगाएं। सेंटर में एक अच्छी सी विंड चाइम लगवाएं, जो हवा के झोंकों से बालकनी में संगीतमय ध्वनि की मिठास घोल देती है। विंड चाइम टेराकोटा या बैंबो की हो या मेटल और क्रिस्टल से बनी हों। बालकनी के साइज के अनुरूप उसका चयन करें।
कुशन और तकिये
बालकनी की सजावट को निखारने के लिए आप कुशन और तकियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर बालकनी का साइज बड़ा है और फर्श की खामियों को छुपाने के लिए बालकनी के फर्नीचर से मेल खाते हुए कालीन का भी चयन कर सकते हैं।
फ्लोर मेट
अगर कालीन रखना न चाहें तो कृत्रिम घास से बनी, बालकनी के साइज की फ्लोर मेट भी ला सकते हैं, जो बालकनी में हरेपन का अहसास कराती है।
पारदर्शी पर्दे
बालकनी में प्राइवेसी के लिए ऊपर रॉड लगाकर चिक, पारदर्शी पर्दे भी लगाए जा सकते हैं। इसे ज्यादा कोज़ी बनाने के लिए यहां फूलों के सुगंधित पौधे भी रखे जा सकते हैं।
छोटा झूला
अगर बालकनी में पर्याप्त स्पेस है तो एक छोटा सा झूला भी डाला जा सकता है। अगर स्पेस ज्यादा नहीं है तो छोटी बेंत की स्विंग चेयर भी लगा सकते हैं। हां, झूला ऐसा होना चाहिए, जिस पर बारिश और धूप का असर न पड़े। बालकनी अगर थोड़ी बड़ी है तो यहां अपनी ट्रेडमील रख सकते हैं। जहां खुले वातावरण में धूप में एक्सरसाइज की जा सकती है।
गमलों में फुलवारी
बालकनी में गमलों में लगे पौधे इसकी सजावट में बढ़ोत्तरी कर सकते हैं। धनिया, पुदीना और दूसरी बहुत सारी हर्ब्स उगाकर आप बालकनी को सुगंधमय बना सकते हैं। अगर आप बालकनी में काफी मात्रा में पौधे रखना चाहते हैं तो ऐसे पौधों का चयन करें, जो कम धूप में भी या ज्यादा धूप में भी खराब नहीं होते। अपनी बालकनी में धूप कब, कहां, कितनी आती है, उसी के अनुरूप पौधों का चुनाव करें। बड़ी बालकनी के लिए आप खाने, आराम करने और पौधों के लिए अलग-अलग स्पेस निर्धारित कर सकती हैं और अवसर के अनुरूप उनका इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर बालकनी की रेलिंग ग्लास की बनायी जाए तो उसका सौंदर्य और भी बढ़ जाता है। जहां पौधे और सजावटी फूल, सजाये जा सकते हैं। -इ.रि.सें.
Advertisement
Advertisement
×

