India AI Impact Summit 2026: दिल्ली से दुनिया तक... एआई महाकुंभ में दिखेगा हरियाणा का युवा चेहरा
India AI Impact Summit 2026: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में मोहित यादव अतिथि प्रतिनिधि, भारत मंडपम बनेगा वैश्विक तकनीकी शक्ति का मंच
India AI Impact Summit 2026: भारत मंडपम में सोमवार (16 फरवरी) से 20 फरवरी तक होने जा रहा इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 इस बार सिर्फ तकनीक का आयोजन नहीं, बल्कि भारत की वैश्विक डिजिटल नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन होगा। इसी मंच पर हरियाणा के युवा उद्यमी मोहित यादव को अतिथि प्रतिनिधि के रूप में आमंत्रित किया है, जो राज्य के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।
सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडल, 20 से ज्यादा राष्ट्राध्यक्ष और 50 से अधिक मंत्री भाग लेंगे। सुंदर पिचाई, सैम ऑल्टमैन, जेनसन हुआंग, डेमिस हासाबिस और बिल गेट्स जैसे तकनीकी दिग्गजों की संभावित मौजूदगी इसे एआई जगत का सबसे बड़ा संवाद मंच बना रही है।
हरियाणा को अक्सर कृषि, खेल और उद्योग के लिए जाना जाता है। अब यही धरती तकनीकी नवाचार में भी अपनी पहचान दर्ज करा रही है। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के छात्र और एमके ऐप क्रेएटिव्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक-सीईओ मोहित यादव का इस मंच पर आमंत्रण राज्य के उभरते स्टार्टअप इकोसिस्टम की नई कहानी कहता है।
दिसंबर 2025 तक कंपनी लगभग 280 करोड़ रुपये के मूल्यांकन तक पहुंच चुकी है और 2000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को सेवाएं दे चुकी है। हरियाणा के युवाओं के लिए यह संकेत है कि तकनीक की दुनिया में भी प्रदेश की मजबूत उपस्थिति बन रही है।
चालक-रहित भविष्य की ओर कदम
एमके एप क्रिएटिव्स प्राइवेट लिमिटेड कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित चालक-रहित वाहन तकनीक पर काम कर रही है। कंपनी का लक्ष्य सुरक्षित, स्मार्ट और पूर्णतः एआई-संचालित परिवहन प्रणाली विकसित करना है। इस तकनीकी की बड़ी खूबी यह है कि उन्नत एआई एल्गोरिद्म से स्वतः संचालन संभव हो सकेगा। 360 डिग्री सेंसर व कैमरा आधारित निगरानी होगी। संभावित दुर्घटना से पहले चेतावनी व स्वचालित ब्रेक सिस्टम रहेग। यह पहल स्मार्ट शहरों और भविष्य की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा दे सकती है।
कई उपब्धियां हैं मोहित के नाम दर्ज
मोहित यादव को राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कार 2025 सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। उन्हें भारत के ‘युवा टेक उद्यमी’, ‘इनोवेटिव स्टार्टअप ऑफ द ईयर’ और ‘हरियाणा गौरव पुरस्कार’ जैसे खिताबों से नवाजा जा चुका है। वे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की और इंदौर में टेडएक्स वक्ता भी रह चुके हैं। मूल रूप से भिवानी के रहने वाले मोहित की उपलब्धियों को देखते हुए रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें अपने चंडीगढ़ आवास पर बुलाया और उसे शाबासी दी।
280 करोड़ तक पहुंची कंपनी
महज 25 वर्ष के मोहित ने अपनी कंपनी एमके एप क्रिएटिव्स प्राइवेट लिमिटेड को 280 करोड़ रुपये की तक की टर्नओवर पर पहुंचा दिया है। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी से पढ़े मोहित की कंपनी के साथ 2000 से अधिक इंटरनेशनल ग्राहक (कंपनियां) जुड़ी हुई हैं। गुरुग्राम, बेंगलुरु सहित कई शहरों में ऑफिस बना चुके मोहित में मोहाली में भी अपना ऑफिस खोल रहे हैं। टाटा मोटर्स समूह से उन्हें 50 करोड़ रुपये तथा फ्यूचर राइवेल्स मोटर्स कॉर्पोरेशन से 1 करोड़ रुपये का निवेश भी मिला है। एक वर्ष में सर्वाधिक पेटेंट दाखिल करने पर भारत सरकार से उन्हें सम्मान मिल चुका है।

