Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

होली के रंगों का बहाना पेश मोहब्बत का नजराना

रंगों का त्योहार और भारतीय सिनेमा का रिश्ता वैसा ही है, जैसे किसी कोरे कागज़ पर रंग बिखेर देना। हिंदी फिल्मों में होली सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि भावनाओं के उफान, दबे जज़्बात और ‘इज़हार-ए-मोहब्बत’ की स्वीकार्यता है। यह...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

रंगों का त्योहार और भारतीय सिनेमा का रिश्ता वैसा ही है, जैसे किसी कोरे कागज़ पर रंग बिखेर देना। हिंदी फिल्मों में होली सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि भावनाओं के उफान, दबे जज़्बात और ‘इज़हार-ए-मोहब्बत’ की स्वीकार्यता है। यह वह दिन है, जब बंदिशें रंगों की फुहार में बह जाती हैं। होली के बहाने नायक-नायिका अपने दिल की बात कह देते हैं। परदे पर होली हमेशा से प्रेम के व्याकरण को समझाने वाला मधुर प्रसंग रही है, जहां गुलाल का एक टीका प्रेम पत्र से भी ज्यादा असरदार साबित होता है।

हम भारतीयों के लिए रंगों का त्योहार होली सिर्फ रंग उड़ाने तक सीमित नहीं है। यह वह सामाजिक अवसर है, जहां मर्यादाओं की कठोर लकीरें थोड़ी धुंधली हो जाती हैं और भावनाओं को अभिव्यक्ति के लिए खुला आकाश मिलता है। हिंदी सिनेमा ने इस सांस्कृतिक तत्व को बखूबी समझा और परदे पर इसे ‘मोहब्बत की शुरुआत’ के प्रसंग के रूप में स्थापित किया। फिल्म इतिहास में आप पाएंगे कि जो बातें बंद कमरों या संकोची मुलाकातों में नहीं हो सकीं, उन्हें फागुन की मस्ती और अबीर की परतों ने मुमकिन कर दिया। यह केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि एक गहरा मनोवैज्ञानिक विश्लेषण है। फिल्मों में ब्लैक एंड व्हाइट दौर से ही होली को एक ऐसे ‘मूड’ की तरह इस्तेमाल किया गया, जहां नायक अपनी नायिका के प्रति अनुराग व्यक्त करने के लिए रंगों की आड़ लेता है। ऐसा कई फिल्मों में हुआ है। सिनेमा के शुरुआती काल में होली का चित्रण आज के मुकाबले काफी शालीन और अर्थपूर्ण था। सन 1957 की क्लासिक फिल्म ‘मदर इंडिया’ का गाना ‘होली आई रे कन्हाई’ याद कीजिए। यहां होली केवल उत्सव नहीं, बल्कि एक जीवन में खुशियों के चंद लम्हों का प्रतीक थी। उस दौर में रोमांस सीधे न होकर प्रतीकों में होता था। नायक का नायिका को सिर्फ दूर से रंग फेंकना भी प्यार का संकेत माना जाता था। वह ऐसा दौर था, जहां रंग मर्यादाओं की सीमा में रहकर भी भावनाओं को व्यक्त करते थे। इसका प्रसंग फिल्म ‘कटी पतंग’ में दिखाई देता है। इस होली दृश्य को हिंदी फिल्मों के सबसे भावनात्मक और अर्थपूर्ण दृश्यों में गिना जाता है। इस सीन में गीत ‘आज न छोड़ेंगे बस हमजोली’ के जरिए रंगों की आड़ में दबी भावनाएं सतह पर आ जाती हैं। नायक राजेश खन्ना और नायिका आशा पारेख के बीच लगाव उभरकर सामने आता है। यह दृश्य केवल रोमांस नहीं, बल्कि कथानक का मोड़ भी है। इसी तरह ‘नदिया के पार’ की होली बेहद सादगी भरी है। जबकि ‘डर’ में राहुल का जुनून रंग लगाने में दिखाई देता है। जिसमें उसकी सनक और प्यार दोनों उजागर होते हैं। दरअसल, होली ने हर बार कहानी को एक नया मोड़ दिया। जैसे-जैसे सिनेमा ने रंगों की दुनिया में कदम रखा, होली का रूप ‘बोल्ड’ और ‘ब्यूटीफुल’ होता चला गया। 70 और 80 का दशक वह मोड़ था, जहां होली ‘इज़हार-ए-मोहब्बत’ का सबसे बड़ा मंच बनी।

क्लासिक फिल्मों की आदर्श मोहब्बत

राज कपूर की फिल्मों में तो होली का एक अलग ही दर्शन था। ‘मदर इंडिया’ और ‘कोहिनूर’ जैसी क्लासिक फिल्मों में होली गीतों के माध्यम से प्रेम और सामाजिक सद्भाव का ताना-बाना बुना गया। उस दौर में जब प्रेम की अभिव्यक्ति संयमित होती थी, तब होली के बहाने नायक का नायिका को रंग लगाना साहस भरी और प्रेममयी घटना मानी जाती थी। तब स्पर्श की भाषा को रंगों के जरिए पवित्रता के साथ परदे पर उतारा गया। दिलीप कुमार और मीना कुमारी के किरदारों के बीच की वह तड़प होली के गीतों में अक्सर उल्लासपूर्ण स्वीकार्यता में बदल जाती थी। वक्त के साथ जैसे-जैसे सिनेमा का परदा रंगीन हुआ, उसके साथ ही होली के रंगों के जरिए प्रेम की अभिव्यक्ति और भी मुखर होती गई। 70 और 80 के दशक तक आते फिल्मों में होली एक ‘प्लाट डिवाइस’ बन गई। फिल्म ‘शोले’ में होली का दृश्य नायक-नायिका के बीच बढ़ते आकर्षण और साथ ही फिल्म के खलनायक के खास अंदाज का भी संकेत था। ‘होली के दिन दिल खिल जाते हैं’ गीत केवल नाच-गाना नहीं था, बल्कि वह बसंती और वीरू के बीच के अनकहे रिश्ते पर समाज की मोहर लगाने वाला क्षण था। जहां गांव और परिवार के बीच भी प्रेम को एक अलग अंदाज़ में स्वीकार कर लिया जाता है।

मोहब्बत की बर्फ पिघलाने का बहाना

फिल्मों में जब प्रेमी जोड़े के बीच संकोच की बर्फ पिघलानी होती है, कथानक में होली दृश्य रच दिया जाता है। फिर इसमें खास प्रशाद का सेवन इस पूरे प्रसंग को एक ‘कॉमिक रिलीफ’ और ‘ईमानदारी’ का पुट देता है। उसका असर होते ही नायक का डर गायब हो जाता है और दिल के राज खोल देता है। यह फिल्मों का पुराना और सफल फार्मूला है। चाहे वो ‘बागबान’ की मैच्योर होली हो या ‘टू स्टेट्स’ का मॉडर्न सेलिब्रेशन, रंगों की फुहार ने हमेशा प्रेम की नई इबारत लिखी है। ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ में बद्री का वैदेही के पीछे रंग लेकर भागना या ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ में रंगों के बीच वह पहला स्पर्श, यह सब होली के उस ‘लाइसेंस’ का हिस्सा है।

फ़िल्में जो इजहार-ए-मोहब्बत का प्रतीक बनी

हिंदी सिनेमा में होली और प्रेम के विश्लेषण में फिल्म ‘सिलसिला’ का जिक्र जरूरी है। यश चोपड़ा ने इस त्योहार को जिस गरिमा के साथ प्रेम की उलझनों से जोड़ा, वह अद्वितीय था। ‘रंग बरसे भीगे’ सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि वह उन दबे जज्बातों का सैलाब है, जो समाज के बंधनों को तोड़कर बाहर आने के लिए छटपटा रहे थे। भंग का असर और रंगों की धुंधली दुनिया नायक को वह साहस देती है, कि वह दुनिया के सामने अपनी प्रेमिका के प्रति अपने झुकाव को व्यक्त कर सके। 90 के दशक और उसके बाद के दौर में होली का स्वरूप और भी चंचल हो गया। ‘डर’ जैसी फिल्मों में होली को एकतरफा जुनून और प्रेम के खतरे को दिखाने के लिए इस्तेमाल किया गया। वहीं, ‘मोहब्बतें’ में होली को परंपराओं की बेड़ियां तोड़ने के प्रतीक के रूप में पेश किया गया। शाहरुख खान का चरित्र रंगों का आह्वान कर युवाओं को अपने प्रेम को बिना किसी डर स्वीकार करने का निमंत्रण देता है।

मोहब्बत की अभिव्यक्ति का रंगीला प्रसंग

आज के सिनेमा में जैसे ‘ये जवानी है दीवानी’ या ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ के होली दृश्य नायक और नायिका की केमिस्ट्री को एक नया आयाम देते हैं। ‘बलम पिचकारी’ जैसे गीतों में नायिका के संकोच को पूरी तरह ख़त्म होते दिखाया गया। यह प्रसंग दर्शकों को यह समझाता है कि प्रेम में डूबने के लिए रंगों जैसे उल्लास की जरूरत होती है। होली का यह ‘कैमरा एंगल’ वास्तव में मानवीय मनोविज्ञान की उस परत को छूता है, जहां व्यक्ति रंग लग जाने के बाद अपनी पहचान और अपने अहंकार को भूलकर केवल एक प्रेमी रह जाता है।

दिल की कहने का अच्छा मौका

फिल्मों में होली का प्रसंग भारतीय समाज की उस मानसिकता का प्रतिबिंब है, जहां त्योहारों के बहाने मर्यादा की सीमा को थोड़ा लचीला कर दिया जाता है। नायक और नायिका होली की आड़ में दिल की बात कह जाते हैं और दुनिया इसे बुरा भी नहीं मानती। ब्लैक एंड व्हाइट फिल्मों की सादगी से लेकर आज के दौर की चकाचौंध तक, होली हमेशा से फ़िल्मी मोहब्बत का सबसे विश्वसनीय और रंगीन गवाह रही है। ब्लैक एंड व्हाइट दौर की वह शर्मीली होली अब आज के दौर की बिंदास और बेबाक होली में बदल चुकी है, लेकिन इसका मूल तत्व आज भी वही है अपने पसंदीदा इंसान के गालों पर रंग मलकर चुपके से कह देना ‘तुम मेरे हो या मेरी हो।’

 

Advertisement
×