नौ दिनों के पवित्र पर्व यानी नवरात्रों के व्रत के दौरान खान-पान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। इन दिनों में फलाहार और सात्विक आहार का सेवन न केवल ऊर्जा देता है, बल्कि शरीर को हल्का और शुद्ध भी रखता है। कुट्टू, सिंघाड़ा, साबूदाना जैसे व्रत में उपयोग होने वाले पदार्थ पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इनसे साबूदाने की खिचड़ी के अलावा इसकी चाट, नारियल और ड्राई फ्रूट के लड्डू, कुट्टू की पूरियां व सिंघाड़े का हलवा आदि रेसिपी बना सकते हैं।
नवरात्रि केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, अनुशासन और संतुलित जीवन का संदेश देने वाला उत्सव भी है। इन नौ दिनों में महादुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा-अर्चना की जाती है और श्रद्धालु व्रत रखकर अपनी आस्था प्रकट करते हैं। व्रत के दौरान अन्न का त्याग कर शरीर और मन को संयमित रखने की परंपरा है। यह केवल धार्मिक नियम नहीं, बल्कि एक वैज्ञानिक और स्वास्थ्यवर्धक प्रक्रिया भी है, जो शरीर को डिटॉक्स करने और पाचन तंत्र को आराम देने का अवसर प्रदान करती है।
इन खास दिनों में खान-पान का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। सामान्य भोजन की जगह फलाहार और सात्विक आहार का सेवन न केवल ऊर्जा देता है, बल्कि शरीर को हल्का और शुद्ध भी रखता है। कुट्टू, सिंघाड़ा, साबूदाना जैसे व्रत में उपयोग होने वाले पदार्थ पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। ये शरीर को आवश्यक कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और मिनरल्स प्रदान करते हैं, जिससे उपवास के बावजूद कमजोरी महसूस नहीं होती। इस तरह नवरात्रि का व्रत आध्यात्मिक साधना के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी होता है।
नारियल और ड्राई फ्रूट लड्डू
क्या चाहिए - सूखा नारियल कद्दूकस किया हुआ, घी 2-3 बड़े चम्मच, काजू और बादाम बारीक कटे हुए, मलाई वाला दूध 1 कप, चीनी ½ कप, इलायची पाउडर 1 छोटा चम्मच।
ऐसे बनाएं : सबसे पहले सूखे नारियल को कद्दूकस कर लें और एक तरफ रख दें। एक पैन में थोड़ा घी गरम करें। इसमें कटे हुए काजू और बादाम डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें। इन्हें एक बर्तन में निकाल लें। उसी पैन में फिर से थोड़ा घी डालें और कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें। इसे धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक भूनें, जब तक कि इसमें से अच्छी खुशबू न आने लगे। अब इसमें 1 कप मलाई वाला दूध डालें और अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद चीनी डालें और तब तक पकाएं जब तक कि मिश्रण थोड़ा गाढ़ा न हो जाए। अब इसमें पहले से भुने हुए ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर डालें। सब कुछ अच्छी तरह मिलाकर गैस बंद कर दें। जब मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए, तो थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथ में लेकर गोल-गोल लड्डू बना लें। व्रत के लिए स्वादिष्ट और पौष्टिक नारियल के लड्डू तैयार हैं।
साबूदाना खिचड़ी
क्या चाहिए - एक कप साबूदाना (4–5 घंटे भिगोया हुआ), दो उबले और कटे हुए आलू, आधा कप भुनी हुई मूंगफली (दरदरी कुटी हुई), 2–3 बारीक कटी हरी मिर्च, एक छोटा चम्मच जीरा, स्वादानुसार सेंधा नमक, 2 बड़े चम्मच घी, 1 चम्मच किशमिश, एक बड़ा चम्मच नींबू का रस और सजाने के लिए हरा धनिया।
ऐसे बनाएं : सबसे पहले कढ़ाही में घी गर्म करें और उसमें जीरा डालकर तड़काएं। फिर हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें और उसमें उबले आलू डालकर सुनहरा होने तक पकाएं। इसके बाद भीगा हुआ साबूदाना डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि वह चिपके नहीं। जब साबूदाना पारदर्शी हो जाए, तब उसमें मूंगफली, किशमिश, सेंधा नमक और नींबू रस डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अंत में हरा धनिया गॉर्निश करके गरमागरम परोसें।
कुट्टू आटे की पूरी
क्या चाहिए - डेढ़ कप कुट्टू का आटा, 2–3 उबले और मैश किए हुए आलू, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, स्वादानुसार सेंधा नमक, हरा धनिया, तलने के लिए घी।
ऐसे बनाएं : उबले आलू को अच्छे से मैश करके उसमें कुट्टू का आटा, सेंधा नमक, हरी मिर्च और हरा धनिया मिलाकर नरम आटा गूंध लें। फिर छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें हल्के हाथ से बेलें। कढ़ाही में घी या तेल गर्म करें और इन पूरियों को मद्धम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। गरमागरम कुट्टू की पूरी दही या व्रत वाली आलू की सब्जी के साथ परोसें।
सिंघाड़े के आटे का हलवा
क्या चाहिए - एक कप सिंघाड़े का आटा, आधा कप घी, तीन-चौथाई कप चीनी या गुड़, 2 कप पानी, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर और 2–3 बड़े चम्मच कटे हुए काजू-बादाम।
ऐसे बनाएं : सबसे पहले कढ़ाही में घी गर्म करें और उसमें सिंघाड़े का आटा डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब खुशबू आने लगे और रंग हल्का सुनहरा हो जाए तो धीरे-धीरे पानी डालें और गांठ बनने से बचाते हुए चलाते रहें। जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब उसमें चीनी या गुड़ और इलायची पाउडर डालें। अच्छी तरह पकने के बाद ऊपर से ड्राई फ्रूट्स डालकर गरमागरम हलवा परोसें।
साबूदाना चाट रेसिपी
क्या चाहिए - हरा धनिया 1 गुच्छी, हरी मिर्च 1-2, नींबू का रस 1-2 बड़े चम्मच ,सेंधा नमक स्वादानुसार, चीनी 1 छोटा चम्मच, घी 1 बड़ा चम्मच, काजू ¼ कप (कटे हुए), उबला आलू 1 (कटा हुआ), भीगा हुआ साबूदाना 1 कप, भुना जीरा पाउडर स्वादानुसार, गार्निश के लिए अनार के दाने और फलाहारी आलू चिप्स।
ऐसे बनाएं : एक पैन में 1 चम्मच घी गरम करें और काजू को सुनहरा होने तक भूनें। अब इसमें कटा हुआ उबला आलू और थोड़ा सेंधा नमक डालें। इसे 1-2 मिनट तक चलाएं। इसमें भीगा हुआ साबूदाना और थोड़ा सेंधा नमक डालें। इसे सिर्फ 1 मिनट तक पकाएं और फिर गैस बंद कर दें। अब इसमें तैयार की हुई हरी चटनी और भुना जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। ऊपर से अनार के दाने और कुरकुरे फलाहारी आलू चिप्स क्रश करके डालें। आपके लिए चटपटी साबूदाना चाट तैयार है।
-लेखिका खानपान मामलों की यूट्यूबर हैं।
Advertisement
Advertisement
×

