कुछ साल पहले तक किसी खास मौसम के फैशन का बाकायदा एक ट्रेंड होता था जो पत्रिकाओं या टीवी में दिखता था। युवा उसे फॉलो करते थे। उसमें बॉडी टाइप का ध्यान रखते थे। लेकिन आज के युवा यानी जेन-ज़ी के कपड़े उसकी पहचान नहीं, ये उसके बदलते मूड के माध्यम बन रहे हैं। जिसमें निजी अभिव्यक्ति, कंफर्ट, नॉस्टैल्जिया और अलग-अलग एस्थेटिक्स के फ्यूज़न की प्रवृत्ति है।
सभी कपड़ों को लेकर पहला सवाल यह होता है क्या मेरे शरीर पर यह अच्छा लगेगा? लेकिन जेन-ज़ी के मामले में यह सवाल बदल रहा है। उसके लिए सवाल कुछ इस तरह का होता है- ‘आज मैं कैसा महसूस कर रहा हूं और कैसा दिखना चाहता हूं।’ वास्तव में यही बदलाव जेन-ज़ी के फैशन को समझने की सबसे दिलचस्प कुंजी है। 2026 के फैशन परिदृश्य में व्यक्तिगत अभिव्यक्ति, आराम, नॉस्टैल्जिया और अलग-अलग एस्थेटिक्स को मिलाने की प्रवृत्ति साफ-साफ दिखायी दे रही है। यानी सोमवार को जो युवा ओवरसाइज्ड टी-शर्ट, बैगी जींस और स्नीकर्स में दिखायी दे सकता है। मंगलवार को उसे आप कुर्ते के साथ डेनिम में देखेंगे, और कभी-कभी चंकी ज्वैलरी के साथ भी वह आपको मिल सकता है। जहां तक सप्ताहांत की बात है, तो इसके लिए उसके पास बहुत तरह की च्वाइस हैं। वास्तव में यह उसकी अस्थिरता नहीं है बल्कि मूड के हिसाब से अपने कपड़ों के चयन की बात है। आज का युवा अपनी विजुअल आइडेंटिटी में बदलाव की आजादी अपने हाथ में रखता है। किसी ‘चलन’ को यह हक नहीं देता।
नहीं रहा अब कोई एक लुक
पुरानी फैशन व्यवस्था में एक मौसम का एक बड़ा ट्रेंड होता था और इस फैशन ट्रेंड के बारे में अक्सर पत्रिकाएं बताती थी, टेलीविजन शो बताते थे और युवा उसी को अपनाते थे। लेकिन जेन-ज़ी ने इस व्यवस्था को उलट दिया। उसके लिए फैशन की दुनिया एक ऐसी खुली अलमारी है, जिसमें स्ट्रीट वियर, विंटेज, इंडियन वियर, वाई 2 के, प्रेपी, मिनिमलिज्म और मैक्सिमलिज्म सब एक साथ मौजूद हैं। साल 2026 में वाई 2 के की वापसी इसका अच्छा उदाहरण है। लेकिन युवा 2000 के दशक को ज्यों का त्यों दोहरा नहीं रहे, उसके कुछ एलीमेंट्स भर उन्हें भा रहे हैं, जिसे लो-राइज, सिलहूट्स, बेबी टीज़, रेट्रो एक्सेसरीज या मेटालिक डिटेल्स को आज के कपड़ों के साथ मिला रहे हैं। इसलिए एक युवा सुबह कॉलेज के लिए रिलैक्स्ड आउटफिट चुन सकता है, तो शाम को पार्टी के लिए चमकीले रंग, ज्वैलरी और एक्सपेरिमेंटल सिलहूट्स को पसंद कर सकता है। कपड़े अब उसकी स्थायी पहचान का जरिया नहीं रहे, ये उसके बदलते मूड के माध्यम बन रहे हैं।
फैशन की नई स्टाइल गाइड
सोशल मीडिया ने युवाओं को सिर्फ कपड़े ही नहीं दिखाये बल्कि हजारों तरह की विजुअल आइडेंटिटीज उपलब्ध करायी है। आज कोई कॉटेज कोर, कोई स्ट्रीट वियर, कोई डार्क एस्थेटिक्स, तो कोई देशी मैक्सिमलिज्म को अपना स्टाइल चुनता है और जरूरी नहीं है कि वो हमेशा एक स्टाइल में ही टिका रहे। भारतीय जेन-ज़ी पर हुए हालिया फैशन विश्लेषण बताते हैं कि युवा अलग-अलग सांस्कृतिक और डिजिटल प्रभावों को मिलाकर अपनी व्यक्तिगत शैली बना रहे हैं। इसमें डोपामाइन ड्रेसिंग भी महत्वपूर्ण है यानी ऐसे रंग और कपड़े चुनना, जो पहनने वाले को उत्साह या खुशी का अहसास कराए।
शरीर को छिपाना अब लक्ष्य नहीं
यह बदलाव शरीर को लेकर सोच में भी दिखायी देता है। लंबे समय तक फैशन उद्योग ने युवाओं को एक खास बॉडी टाइप के अनुरूप कपड़े पहनने की सलाह दी है। लेकिन आज जेन-ज़ी उस निर्देश को स्वीकार करने के बजाय सिलहूट को अपनी सुविधा के अनुसार इस्तेमाल कर रहे हैं। ओवरसाइज्ड कपड़े सिर्फ इसलिए नहीं पहने जा रहे कि वो फैशनेबल हैं। दरअसल वे कंफर्ट, मूवमेंट और रिलैक्स एटीट्यूट का संकेत है। दूसरी ओर बॉडी कंटोरिंग या फिटेड क्लॉथ भी लौट रहे हैं। महत्वपूर्ण यह कि एक ही बॉडी के लिए, एक ही सही सिलहूट का विचार कमजोर हो रहा है। इसलिए फैशन अब शरीर को सुधारने का निर्देश नहीं देता बल्कि शरीर के साथ प्रयोग करने को प्रोत्साहित करता है।
भारतीयता भी है मूड का हिस्सा
इस बदलाव की सबसे खूबसूरत विशेषता है फ्यूज़न। कुर्ता बैगी जींस के साथ, जयपुरी प्रिंट, कोटसेट के साथ स्नीकर्स, ट्रेडिशनल ज्वैलरी के साथ वेस्टर्न आउटफिट और साड़ी के साथ कंटेम्प्रेरी स्टाइलिश। युवा भारतीय फैशन में ये प्रयोग तेजी से दिखायी दे रहे हैं यानी जेन-ज़ी के लिए भारतीयता और आधुनिकता एक दूसरे के विरोधी नहीं हैं। ये अवसर, मूड और पर्सनैलिटी के साथ दोनो को मिला सकते हैं।
जेन-जी की मूड अलमारी
खुश मूड- चमकीले रंग, प्रिंट्स, प्लेफुल एक्सेसरीज। आराम का मूड- ओवरसाइज्ड टी-शर्ट, बैगी जींस, स्नीकर्स। रोमांटिक मूड- सॉफ्ट कलर्स, फ्लोरल्स, फ्लोइंग सिलहूट्स। बोल्ड मूड- ब्लैक, मटेलिक, स्टेटमेंट ज्वैलरी। नॉस्टैलेजिक मूड- सन 2000 की पसंद, विंटेज डेनिम और रेट्रो स्नीकर्स। देसी मूड- कुर्ता, साड़ी, चूड़ियां, बिंदी और ट्रेडिशनल प्रिंट का कंटेंप्रेरी मिक्स। एक्सपेरिमेंटल मूड- दो बिल्कुल अलग एस्थेटिक को एक साथ पहनना। -इ.रि.सें.

