निगेटिव पीआर से बेचैन बॉलीवुड
आजकल कई बॉलीवुड अभिनेत्रियां नेगेटिव पीआर और बुजुर्ग फैन द्वारा छेड़छाड़ जैसी समस्याओं से आहत हैं। कुछ पुरुष कलाकार भी इसका शिकार हुए। फिल्मी दुनिया में पैसे देकर निगेटिव पीआर का चलन बढ़ रहा है। बॉलीवुड से ही कुछ लोग...
आजकल कई बॉलीवुड अभिनेत्रियां नेगेटिव पीआर और बुजुर्ग फैन द्वारा छेड़छाड़ जैसी समस्याओं से आहत हैं। कुछ पुरुष कलाकार भी इसका शिकार हुए। फिल्मी दुनिया में पैसे देकर निगेटिव पीआर का चलन बढ़ रहा है। बॉलीवुड से ही कुछ लोग इसके लिए जिम्मेदार हैं। वहीं कोई भी स्टार हमेशा सजा नहीं होता,ऐसे समय फोटो खींचने का क्या मतलब?
बॉलीवुड में पहले पैपराजी अभिनेत्रियों के लिए मुसीबत होते थे,कई बार साथी कलाकार उन्हें परेशान करते थे छेड़छाड़ करके। लेकिन अब वह अपने फैंस से परेशान हैं। पहले भी वह फैंस से परेशान होती थीं पर अब उन्हें बुजुर्ग फैंस जिस तरह से परेशान कर रहे हैं, वह बॉलीवुड के लिए नया सिरदर्द बन गया है। इसके साथ ही कई अभिनेत्रियों ने निगेटिव पीआर को लेकर भी कहा है कि इससे उनकी या उनके दूसरे साथियों की समाज में खराब छवि बनती है।
नकारात्मक पीआर का चलन
रकुल प्रीत,गिरिजा ओक,निधि अग्रवाल,मौनी राय तथा सोनल चौहान ने दो माह में ही इस तरह की शिकायतें की हैं। उनकी बातों से ना सिर्फ उनके साथी पुरुष कलाकार चिंतित हैं बल्कि समीक्षक भी परेशान हैं। रकुल प्रीत ने एक इंटरव्यू के दौरान चिंता प्रकट की- ‘समझ में नहीं आता कि इंड्रस्ट्री में पैसे देकर निगेटिव पीआर का चलन क्यों बढ़ रहा है। जब हमें अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होती है तो हमारे कुछ साथी इसके लिए दूसरे की निगेटिव पीआर में लगे होते हैं। उन्हें पैपराजी की फोटो खींचने की चिंता नहीं है पर कोई भी स्टार हमेशा सजा नहीं होता,ऐसे में उनकी फोटो खींचने का क्या मतलब?’
रेटिंग के लिए भी पीआर की सेवाएं
अभिनेत्री निधि अग्रवाल का कहना है कि उन्हें भी यहां तक पहुंचने से पहले कई बार निगेटिव पीआर का सामना करना पड़ा। वह मानती हैं कि बॉलीवुड में निगेटिव पीआर काफी प्रचलित है। बुक माय शो तथा आईएमडीबी जैसी रेटिंग के लिए भी पीआर की सेवाएं ली जाती हैं। दूसरों को नीचा दिखाने के लिए बहुत पैसा खर्च करना अब आम हो रहा है।
बता दें कि वरुण धवन तथा कार्तिक आर्यन इसी निगेटिव पीआर का शिकार हुए हैं। वरुण धवन की ‘बॉर्डर टू’ के एक गाने का मजाक उड़ाने के बाद मीडिया में इस बात की चर्चा थी कि उनके खिलाफ ट्रोलिंग पेड पीआर लगा दी गई है। उनकी एक्टिंग पर भी प्रश्न उठाना इसी पीआर का एक हिस्सा माना जा रहा है। कार्तिक आर्यन की फिल्म ‘तू मेरी मैं तेरा,मैं तेरा तू मेरी’ को लेकर भी इसी तरह की बातें हुई थीं।
बॉलीवुड में बौखलाहट
सोनल चौहान कहती हैं किसी को नीचा दिखाकर खुद को बड़ा और ग्रेट बताना गलत तो है ही साथ ही बॉलीवुड के भविष्य के लिए अच्छा नहीं है। इससे माहौल खराब होगा तथा पैसा खर्च कर किसी को अफवाह का शिकार बनाना पॉल्युशन ऑफ हेट की उस शृंखला का हिस्सा है जो बॉलीवुड में कलाकारों के खिलाफ जारी है। निगेटिव पीआर से परेशान अभिनेत्रियों ने जिस तरह से अपनी बात रखी है, उससे साफ होता है कि अब बॉलीवुड में बौखलाहट है। मराठी अभिनेत्री गिरिजा ओक को बहुत कम समय में नेशनल क्रश का तमगा मिलना भी कम चर्चा में नहीं रहा। पर वह खुद इससे चिंतित हो गई। उन्होंने खुद की तस्वीरों से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए इसे अपने परिवार के लिए खतरनाक माना। उनका अल्प समय में नेशनल क्रश कहलाना कहीं इसी पीआर का काम तो नहीं?
एक्ट्रेस छेड़छाड़ से भी आहत
मौनी रॉय के साथ तो बुजुर्गों द्वारा उनके साथ छेड़छाड़ करने का मामला सोशल मीडिया के साथ ही न्यूज इंड्रस्ट्री में भी न्याय मांगता रहा। मौनी ने बताया कि हरियाणा में किसी कार्यक्रम में कुछ बुजुर्गों ने मंच पर आकर मेरी तस्वीर खींची और गलत मंशा से छुआ। मौनी ने खुद को इस घटना के बाद सदमें में होने की बात कही। मिमी चक्रवर्ती भी एक स्टेज प्रोग्राम की में लोगों की छेड़खानी से पीड़ित हैं।
आखिर जब बॉलीवुड अपनी ही चुनौतियों से परेशान है तो यह छेड़छाड़ और निगेटिव पीआर उसे कहां ले जाकर छोड़ेगा? हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ, दशकों से इस तरह की शिकायतें आती रहीं हैं लेकिन एकाएक शिकायतों का ग्राफ बढ़ना चिंतित करने वाला है। समीक्षकों का कहना है कि इससे निपटने के कई उपाय हैं लेकिन क्या निगेटिव पीआर से मुकाबला निगेटिव पीआर ही करेगा? अगर हां,तो फिर रुपहले पर्दे की दुनिया में परिवार का मानक कैसे कायम रहेगा? क्या पुणे में ईशा देओल की तरह फैन की हरकत का जबाव करारा चांटा है? लेकिन अगर ऐसा होने लगा तो आम जनजीवन में और फेम वर्ल्ड में कोई अंतर नहीं रह जाएगा।
जरूरत कुख्यात खलनायक बनने की नहीं है बल्कि सोनम कपूर को धनुष की तरह बचाने वाले फैंस की है और अगर यह रुकने के स्थान पर बढ़ता रहा तो तय है कि स्टेज परफॉर्मिंग के दौरान स्टेज पर अभिनेत्री के साथ सहयोगी कलाकार कम बॉडीगार्ड अधिक नजर आएंगे। -इ.रि.सें.

