हांसी में बैंक मैनेजर और एसआई में बहस, वीडियो वायरल, एसआई बोला चालान तो करूंगा, चाहे तू पीएम से कर ले शिकायत
हांसी में पुलिस चेकिंग के दौरान बैंक मैनेजर और सब इंस्पेक्टर के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वर्दी की सख्ती और नागरिक के अधिकारों के बीच टकराव साफ...
हांसी में पुलिस चेकिंग के दौरान बैंक मैनेजर और सब इंस्पेक्टर के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वर्दी की सख्ती और नागरिक के अधिकारों के बीच टकराव साफ दिखाई दे रहा है। मामला अब शिकायत और जांच तक पहुंच गया है।
जानकारी के अनुसार अनाज मंडी चौकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर धर्मबीर सिंह ने इंडियन बैंक के सीनियर मैनेजर विक्रांत बामल को वाहन जांच के लिए रोका। बैंक मैनेजर का कहना है कि उन्होंने अपनी गाड़ी के सभी जरूरी कागजात मौके पर दिखाए, लेकिन इसके बावजूद चालान की कार्रवाई की गई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच सड़क पर ही बहस शुरू हो गई। यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हांसी के नया जिला बनने के बाद पुलिस व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है।
वीडियो में क्या दिखा : वायरल वीडियो में बैंक मैनेजर यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि जब सारे कागजात मौजूद हैं तो चालान क्यों किया जा रहा है। इस पर सब इंस्पेक्टर कथित तौर पर तैश में कहते हैं, ‘चालान तो करूंगा, चाहे तू पीएम से कर ले शिकायत।’ वीडियो बनाते देख पुलिसकर्मी और नाराज होते नजर आते हैं। इसके बाद 8000 रुपये का चालान किया गया।
बैंक मैनेजर का कहना है कि उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया और कार्रवाई बिना उचित आधार के की गई। उन्होंने सोमवार को अपने सेक्टर के लोगों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने फिलहाल मामले को जांच के दायरे में बताया है।
इन धाराओं में हुआ चालान : 5000 रुपये बिना ड्राइविंग लाइसेंस। 2000 रुपये पुलिस अधिकारी के आदेश की अवहेलना। 1000 रुपये सीट बेल्ट न लगाने को शामिल किया गया है।

