Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

गणपति को प्रिय मोदक की स्वादिष्ट सौगात

गणेशोत्सव की रेसिपीज़

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement

गणपति बप्पा घरों में विराज चुके हैं। गणेशोत्सव के इस अवसर पर भक्ति के साथ घरों में मोदक समेत कई प्रकार के लड्डुओं व अन्य मिठाइयों का भोग भगवान गणेश को अर्पित किया जाता है। इन व्यंजनों में मेवे, मखाने, नारियल जैसी पौष्टिक सामग्री शामिल की जाती है। अगर घर में अपने हाथों से चूरमा लड्डू, ड्राइ फ्रूट मोदक व नारियल गुलकंद मोदक बनाए जाएं तो उत्सव की स्वादिष्ट सौगात बन जाते हैं।

गणपति बप्पा के आगमन के साथ ही घर-आंगन में भक्ति, उल्लास और उत्सव का माहौल है। पहले भले ही गणेशोत्सव महाराष्ट्र का उत्सव रहा है, लेकिन अब देशभर के कई हिस्सों में गजानन की प्रतिमाएं स्थापित होती हैं। इस मौके पर पूजा की तैयारियों के बीच रसोई भी इस आनंद का अहम हिस्सा बन जाती है, जहां बप्पा के भोग के लिए मोदक, मावा मोदक, ड्राइ फ्रूट्स लड्डू और तरह-तरह की मिठाइयों की खुशबू पूरे घर को भक्तिभाव से भर देती है। ये व्यंजन न केवल गणपति बप्पा को प्रिय भोग बनते हैं, बल्कि परिवार के हर सदस्य के लिए उत्सव की स्वादिष्ट और पौष्टिक सौगात भी बन सकते हैं।

टेस्टी चूरमा लड्डू

क्या चाहिए - गेहूं का आटा: 2 कप, सूजी (रवा) 1/2 कप, बेसन 4 बड़ा चम्मच, घी 4 बड़ा चम्मच, ड्राई फ्रूट्स: कटे हुए बादाम और काजू, इलायची पाउडर, खसखस 2 बड़े चम्मच, जायफल 1/4 छोटा चम्मच, गुड़ 1 कटोरी।

ऐसे बनाएं : एक बड़े बर्तन में गेहूं आटा, सूजी, बेसन और चुटकी भर नमक डालकर मिला लें। अब इसमें 4 बड़ा चम्मच देसी घी मोयन के रूप में डालें और आटे में अच्छी तरह मिलाएं। जब आटा हाथों में बांधने पर मुट्ठी जैसा बनने लगे, तब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए एकदम सख्त आटा गूंथ लें। गूंथे हुए आटे में से छोटे-छोटे हिस्से तोड़कर पारंपरिक मुठिया बना लें। अब एक कढ़ाई में घी गरम करें और तैयार मुठियों को मध्यम-धीमी आंच पर अलट-पलटकर सुनहरा और खस्ता होने तक फ्राई कर लें। फ्राई हुई मुठियों को निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। इसी गरम घी में कटे हुए काजू और बादाम को भी हल्का फ्राई कर अलग निकाल लें। मुठियों के ठंडा होने पर उन्हें थोड़ा कूटकर तोड़ लें और दरदरा पीस लें। अब इसमें इलायची पाउडर, खसखस, फ्राई किए हुए काजू-बादाम और थोड़ा सा घिसा हुआ जायफल डालकर मिला दें। एक अलग पैन में 2 से 3 बड़ा चम्मच घी गरम करें और उसमें 1 कटोरी क्रश किया हुआ गुड़ डालकर धीमी आंच पर ्फ पिघलने और एक उबाल आने तक पकाएं। इस गरम गुड़ के मिश्रण को तैयार आटे के चूरमा मिक्स में डाल दें। चम्मच से मिलाते हुए थोड़ा ठंडा होने पर मिक्स करें और गोल-गोल चूरमा लड्डू बांध लें। स्वादिष्ट व नरम चूरमा लड्डू

तैयार हैं।

ड्राइ फ्रूट मोदक

क्या चाहिए - भुना हुआ चना 1 कप, बादाम ¼ कप, काजू ¼ कप, चीनी ½ कप, इलायची 2, नारियल का बुरादा ¼ कप, मिल्क पाउडर ¼ कप, गुनगुना दूध आवश्यकतानुसार, देसी घी 1 टीस्पून, किशमिश ¼ कप, बारीक कटे पिस्ते 2 टेबलस्पून, सूखी गुलाब की पंखुड़ियां।

ऐसे बनाएं : मिक्सर जार में भुना हुआ चना, बादाम, काजू, चीनी और इलायची डालकर इसे बारीक पीस लें। अब इस तैयार पाउडर को एक बड़ी प्लेट में निकाल लें और इसमें नारियल का बुरादा तथा मिल्क पाउडर डालकर सभी चीजों मिला लें। इसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना दूध डालते हुए हाथों से मिलाएं और नरम आटा जैसा मिश्रण तैयार कर लें। मिश्रण को बांधने के लिए इसमें 1 टीस्पून देसी घी डालकर मसलें, जब तक मिश्रण मुलायम होकर बंधने न लगे। अब इसे कुछ देर सेट होने दें। इस बीच मोदक की स्वादिष्ट स्टफिंग तैयार करने के लिए एक कटोरी में किशमिश, बारीक कटे पिस्ते और गुलाब पंखुड़ियां डालकर मिला लें। अब तैयार मिश्रण का थोड़ा हिस्सा लेकर हथेली पर रखें और उसे गोल करते हुए हल्का चपटा कर लें। इसके बीच में तैयार ड्राइ फ्रूट स्टफिंग रखें और मिश्रण को चारों तरफ से बंद करते हुए मोदक का आकार दें। अब इसे मोदक के सांचे में रखें और हल्के हाथ से दबाकर सुंदर डिजाइन बना लें। फिर मोदक को सांचे से सावधानीपूर्वक निकालें और ऊपर से थोड़े पिस्ते या गुलाब की पंखुड़ियों से सजाएं। इस तरह, स्वादिष्ट ड्राइ फ्रूट मोदक तैयार हैं।

नारियल गुलकंद मोदक

क्या चाहिए - दूध 1.5 कप, चीनी 1/2 कप, नारियल बुरादा 200 ग्राम, दूध की मलाई 3 बड़े चम्मच, इलायची पाउडर 1/2 छोटी चम्मच, गुलाब जल 2-3 बूंदें, गुलाबी फूड कलर 1 बूंद, नारियल बुरादा 2 बड़े चम्मच, हरी सौंफ 1 बड़ा चम्मच, बारीक कटे मेवे (काजू, बादाम, पिस्ता)1-1 बड़ा चम्मच, गुलकंद 1 बड़ा चम्मच, थोड़ी सी सूखी गुलाब की पंखुड़ियां, टूटी-फ़्रूटी 1 बड़ा चम्मच, इलायची पाउडर चुटकी भर, एडिबल गोल्ड ग्लिटर।

ऐसे बनाएं : कढ़ाई में दूध और चीनी डालकर गैस पर चढ़ाएं और लगातार चलाते हुए पकाएं। जब तक चीनी पूरी तरह घुल न जाए और दूध शहद जैसा हल्का गाढ़ा न लगने लगे। अब इसमें नारियल का बुरादा डालकर 1 मिनट चलाएं। इसके बाद ताजी मलाई डालकर 30 सेकंड पकाएं और गैस बंद करके इस मिश्रण को प्लेट में निकाल लें। स्टफिंग के लिए एक बर्तन में नारियल का बुरादा, सौंफ, कटे हुए मेवे, गुलकंद, गुलाब की पंखुड़ियां, चेरी और चुटकी भर इलायची पाउडर मिलाकर मिक्स करें और छोटी-छोटी बॉल्स बना लें। अब नारियल वाले पके मिश्रण को दो बराबर भागों में बांट लें। एक हिस्से में इलायची पाउडर मिलाएं और दूसरे हिस्से में थोड़ा रोज़ एसेंस तथा 1 बूंद गुलाबी फूड कलर डालकर मिला लें। मोदक के मोल्ड में हल्का सा घी लगाएं, मोल्ड को बंद करें और गुलाबी नारियल का मिश्रण अंदर डालकर दीवारों पर अच्छे से दबाकर फैलाएं। फिर बीच में तैयार की गई गुलकंद वाली बॉल रखें और ऊपर से सफेद नारियल का मिश्रण भरकर दबाकर बंद कर दें। मोल्ड खोलकर मोदक बाहर निकालें, इसी तरह सारे मोदक तैयार करें और ऊपर से एडिबल गोल्ड ग्लिटर लगाकर सजाकर परोसें।

-लेखिका खानपान मामलों की यूट्यूबर हैं।

Advertisement
×