Satya Niketan Building Collapse : अब तक छह की मौत, 11 लोगों को मलबे से निकाला
मरम्मत के दौरान रविवार को ढही थी बहुमंजिला इमारत; मालिक समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
Satya Niketan Building Collapse : दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को ढही बहुमंजिला इमारत के हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। मलबे से अब तक 11 लोगों को निकाला गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास स्थित इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के पीजी (पेइंग गेस्ट) आवास के रूप में किया जा रहा था। इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था, तभी रविवार अपराह्न करीब डेढ़ बजे यह ढह गई।
रातभर चला राहत एवं बचाव अभियान
दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) समेत कई एजेंसियां रातभर राहत एवं बचाव अभियान में जुटी रहीं।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने कहा कि रात में एक और व्यक्ति को मलबे से निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। इसके साथ ही मृतकों की संख्या छह हो गई।
मालिक समेत अन्य के खिलाफ मामला
गोयल ने बताया कि घटना से कथित तौर पर जुड़े लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने इमारत के मालिक और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

