Kidwai Death : कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई का निधन, नोएडा के अस्पताल में ली अंतिम सांस
निजामुद्दीन में किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक
Kidwai Death : कांग्रेस की दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का बुधवार को निधन हो गया। वह 94 वर्ष की थीं। किदवई ने बुधवार तड़के करीब चार बजे नोएडा के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से कांग्रेस गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मोहसिना किदवई पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। बुधवार सुबह उनके निधन की पुष्टि की गई। उन्हें आज शाम दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। उनके अंतिम संस्कार में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
राजीव गांधी सरकार में निभाई अहम भूमिका
मोहसिना किदवई का राजनीतिक कद बहुत ऊंचा था और उन्हें गांधी परिवार का बेहद भरोसेमंद माना जाता था। वह पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्व वाली सरकार में स्वास्थ्य, परिवहन और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की मंत्री रहीं। उत्तर प्रदेश की राजनीति से लेकर केंद्र तक उनकी गहरी पैठ थी।
संगठन और संसद में लंबा अनुभव
किदवई न केवल कई बार सांसद चुनी गईं, बल्कि उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की सदस्य के रूप में भी लंबे समय तक पार्टी संगठन को अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने महिला कांग्रेस और पार्टी के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए संगठन को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई थी। उनके निधन को कांग्रेस के लिए एक युग का अंत माना जा रहा है।

